Explore

Search

October 25, 2026 10:52 am

राशन कार्ड भूलने पर बाबू ने मांगे दो हजार रुपये, वीडियो वायरल होने के बाद लौटाया कार्ड

बिलासपुर। बोदरी तहसील कार्यालय में भ्रष्टाचार और मनमानी का मामला सामने आया है। यहां एक युवक से राशन कार्ड लौटाने के नाम पर बाबू ने दो हजार रुपये की मांग की। युवक ने पैसे देने से इनकार किया तो बाबू ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद युवकों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। हंगामा बढ़ने पर बाबू ने बड़ी मुश्किल से राशन कार्ड लौटाया। अब यह पूरा मामला वीडियो और ऑडियो सहित सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

चकरभाठा निवासी गोविंद साहू सोमवार को बोदरी तहसील कार्यालय में अपना आय प्रमाण पत्र बनवाने गए थे। इसी दौरान उन्होंने अपना राशन कार्ड बाबू की टेबल पर भूल गया। घर पहुंचने के कुछ देर बाद दो युवक गोविंद के घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि गोविंद का राशन कार्ड रास्ते में गिर गया था, जिसे बिहार के एक व्यक्ति ने उठाया है। वह व्यक्ति ट्रेन से बिहार लौटने वाला था, लेकिन ट्रेन छूट गई है और अब वह कार्ड लौटाने के बदले दो हजार रुपये मांग रहा है। युवकों ने गोविंद की उस व्यक्ति से मोबाइल पर बात भी कराई। बातचीत के दौरान गोविंद ने संदिग्ध व्यक्ति का मोबाइल नंबर नोट कर लिया। जब उसने उस नंबर पर खुद कॉल किया तो पता चला कि नंबर बोदरी तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू धरम ध्रुव का है। इसके बाद गोविंद सीधे तहसील पहुंचा और बाबू से कार्ड वापस मांगा। बाबू ने पहले राशन कार्ड अपने पास होने से इन्कार किया और हुज्जतबाजी शुरू कर दी। इस पर गोविंद और उसके साथियों ने बताया कि बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास है। यह सुनते ही बाबू भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। युवकों ने उसकी हरकत का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। जब मामला गर्माने लगा तो बाबू ने कार्यालय का दरवाजा बंद कर घर जाने की कोशिश की, लेकिन युवकों ने उसे रोक लिया। अंततः हंगामे के बीच बाबू ने कार्यालय का ताला खोला और गोविंद को उसका राशन कार्ड लौटा दिया। गोविंद ने बताया कि प्रारंभिक कॉल में बाबू ने खुद को बिहार निवासी बताकर कहा था कि तुम्हारे चक्कर में मेरी ट्रेन छूट गई, अब दो हजार रुपये दो तब कार्ड मिलेगा। बाद में जब गोविंद ने उसी नंबर पर दोबारा कॉल किया तो बाबू ने पहचान छिपाने की कोशिश की, लेकिन आखिरकार उसकी करतूत उजागर हो गई। फिलहाल इस पूरे प्रकरण का वीडियो और ऑडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल है। स्थानीय लोगों ने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने और आरोपी बाबू के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS