घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ, 3800 से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी जुटे
बिलासपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान आज 4 नवंबर से शुरू हो गया है। यह अभियान एक माह तक, यानी 4 दिसंबर तक चलेगा। जिले में इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। करीब 3800 अधिकारी-कर्मचारी इस कार्य में जुटे हुए हैं।
जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों कोटा तखतपुर बिल्हा बिलासपुर बेलतरा और मस्तुरी में यह अभियान एक साथ चलाया जा रहा है। कुल 1815 मतदान केंद्रों को आधार बनाकर बीएलओ बूथ लेवल ऑफिसर घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे और जानकारी लेंगे।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बीएलओ को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर अभियान में सहयोग करें।
हर विधानसभा में तय बीएलओ की संख्या
कोटा में 232, तखतपुर में 348, बिल्हा में 262, बिलासपुर में 271, बेलतरा में 308 और मस्तुरी में 394 बीएलओ लगाए गए हैं। हर बीएलओ को अपने-अपने मतदान क्षेत्र में जाकर परिवारों से मिलना, गणना प्रपत्र भरवाना और मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों की जांच करने की जिम्मेदारी दी गई है।
यदि किसी मतदाता को अपने विवरण में कोई त्रुटि या चूक दिखती है, तो वह दावा या आपत्ति दर्ज करा सकता है।
ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध
नागरिक https://voters.eci.gov.in वेबसाइट पर जाकर भी फॉर्म भर सकते हैं या दस्तावेज़ अपलोड कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करने वालों के दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन भी संबंधित बीएलओ द्वारा किया जाएगा।
मतदाता सूची का यह विशेष पुनरीक्षण लोकतंत्र के सबसे अहम आधार मतदाता सूची को और अधिक सटीक बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है ।
प्रधान संपादक





