Explore

Search

October 13, 2026 10:19 pm

हिंदी विश्वविद्यालय में एथलेटिक्स महाकुंभ संपन्न, सौभिक और रिया बने सर्वश्रेष्ठ एथलीट

CBN36 वर्धा। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में 5 से 11 अक्टूबर तक आयोजित अंतर विद्यापीठ खेल प्रतियोगिता-2026 की एथलेटिक्स स्पर्धाओं का समापन हुआ। प्रतियोगिता में शिक्षा विद्यापीठ के सौभिक सेनगुप्ता को सर्वश्रेष्ठ एथलीट (पुरुष) तथा साहित्य विद्यापीठ की रिया को सर्वश्रेष्ठ एथलीट (महिला) घोषित किया गया। सात दिवसीय आयोजन में खिलाड़ियों ने ट्रैक, कूद और थ्रो स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया।

पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में बलराम राठोर ने 12.72 सेकंड के साथ पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि महिला वर्ग में रिया 16.62 सेकंड के समय के साथ विजेता रहीं। 200 मीटर दौड़ में पुरुष वर्ग में बलराम राठोर और महिला वर्ग में रिया ने प्रथम स्थान हासिल किया। 400 मीटर दौड़ में हैप्पी साहनी पुरुष वर्ग तथा रिया महिला वर्ग में अव्वल रहीं। 800 मीटर दौड़ में पुरुषों में हैप्पी साहनी और महिलाओं में आशा वलके ने बाजी मारी।

कूद स्पर्धाओं में सौभिक सेनगुप्ता ने पुरुषों की लंबी कूद में 5.17 मीटर की छलांग लगाकर पहला स्थान प्राप्त किया। ऊंची कूद में भी उन्होंने 4.9 फीट के प्रदर्शन के साथ खिताब जीता। महिला वर्ग की लंबी और ऊंची कूद दोनों स्पर्धाओं में रिया ने प्रथम स्थान हासिल किया।

थ्रो स्पर्धाओं में सौभिक सेनगुप्ता ने पुरुष वर्ग के गोला फेंक में 10.20 मीटर तथा चक्का फेंक में 24.70 मीटर के प्रदर्शन के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। भाला फेंक में आदर्श कुमार प्रधान 39.56 मीटर के प्रदर्शन के साथ विजेता बने। महिला वर्ग में गोला फेंक और भाला फेंक में मधुस्मिता सामत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि चक्का फेंक में अलिना ने बाजी मारी।

400 मीटर रिले दौड़ के पुरुष वर्ग में शिक्षा विद्यापीठ, महिला वर्ग में साहित्य विद्यापीठ तथा मिश्रित टीम स्पर्धा में भी साहित्य विद्यापीठ ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का संचालन शारीरिक शिक्षा एवं क्रीड़ा विभाग के अध्यक्ष प्रो. फरहद मलिक और पदेन सचिव डॉ. निशीथ राय के निर्देशन में हुआ। समन्वयक डॉ. समरजीत यादव और डॉ. प्रीति खोडे सहित खेल विभाग के कर्मचारियों ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS