Explore

Search

August 23, 2026 7:00 pm

एक दिन में 30,444 लोगों को साइबर जागरूकता का संदेश, जशपुर पुलिस ने बनाया रिकॉर्ड

जिले के सभी 14 थाना क्षेत्रों के 358 स्थानों पर चला विशेष अभियान-DIG एवं SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने NES कॉलेज में विद्यार्थियों को किया जागरूक

CBN36 जशपुर, 23 अगस्त। जशपुर जिले में साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत पुलिस ने एक दिन में बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। 22 अगस्त को जिले के सभी 14 थाना क्षेत्रों के 358 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान कुल 30,444 सदस्य साइबर जागृति अभियान से जुड़े।

पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ के निर्देश और डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के दौरान स्कूल-कॉलेज, शैक्षणिक संस्थानों, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने पहुंचकर विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए।

NES कॉलेज में विद्यार्थियों को दिए साइबर सुरक्षा के टिप्स

जिला मुख्यालय स्थित शासकीय राम भजन राय एनईएस कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने साइबर ठगी से बचने के लिए OTP, UPI PIN, ATM PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक करने और सोशल मीडिया पर किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले सावधानी बरतना जरूरी है।

ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील

डॉ. सिंह ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन के लिए भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की।

उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ परिवार और मित्रों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने को कहा।

प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर को लेकर भी मार्गदर्शन

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बेहतर करियर निर्माण के लिए भी महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए। नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, अनुशासन और निरंतर मेहनत को सफलता का आधार बताते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर तैयारी करने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सामान्य ज्ञान, समसामयिक घटनाक्रम, विषयवार अध्ययन और नियमित रिवीजन पर भी जोर दिया गया।

गर्ल्स कॉलेज में एएसपी ने छात्राओं को किया जागरूक

शासकीय गर्ल्स कॉलेज जशपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी दी। उन्होंने फर्जी कॉल और लिंक, UPI फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर सावधान किया।

साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने की जानकारी भी छात्राओं को दी गई।

14 थाना क्षेत्रों से जुड़े 30,444 सदस्य

विशेष अभियान के दौरान थाना क्षेत्रवार सदस्य संख्या इस प्रकार रही-

  • जशपुर — 3,510
  • बगीचा — 3,186
  • पत्थलगांव — 3,132
  • तपकरा — 2,975
  • कांसाबेल — 2,569
  • तुमला — 2,494
  • बागबहार — 2,347
  • लोदाम — 2,339
  • फरसाबहार — 1,929
  • आस्ता — 1,834
  • कुनकुरी — 1,454
  • दुलदुला — 1,285
  • नारायणपुर — 1,000
  • सन्ना — 390

इस तरह जिले के सभी 14 थाना क्षेत्रों से एक ही दिन में 30,444 लोग साइबर जागृति अभियान से जुड़े।

‘साइबर सेल्फी’ से युवाओं को बनाया जागरूकता का वाहक

अभियान के दौरान विद्यार्थियों और युवाओं को ‘साइबर सेल्फी’ अभियान से जोड़ा गया। उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से साइबर जागरूकता का संदेश आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यार्थियों को संदेश दिया गया-“मैं जागरूक हूं, आप भी जागरूक बनें।” साथ ही छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान से जुड़ने की अपील की गई।

एक जागरूक नागरिक 5 से 10 लोगों को करे जागरूक

जशपुर पुलिस का उद्देश्य साइबर अपराधों से बचाव को लेकर प्रत्येक नागरिक को जागरूक करना है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि एक जागरूक नागरिक अपने परिवार, मित्रों और आसपास के कम से कम 5 से 10 लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करे।

DIG एवं SSP की अपील

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने जिले के नागरिकों और युवाओं से साइबर जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक जागरूक नागरिक की पहल कई लोगों को साइबर अपराध से सुरक्षित कर सकती है। पुलिस का संदेश है/ “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।”

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS