Explore

Search

August 27, 2026 10:38 am

भीषण गर्मी में राहत की बूँदें, स्काउट-गाइड्स का जल सेवा अभियान यात्रियों के लिए बना सहारा

नागपुर ।दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में भीषण गर्मी के बीच स्काउट-गाइड्स द्वारा चलाया जा रहा जल सेवा अभियान यात्रियों के लिए राहत का बड़ा माध्यम बन गया है। लगातार बढ़ते तापमान के बीच रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

मंगलवार को छिंदवाड़ा ओपन ग्रुप ने अभियान के तीसरे दिन भी उत्साह के साथ सेवा कार्य जारी रखा। स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स और यूनिट लीडर्स ने टीम भावना के साथ यात्रियों को ठंडा पेयजल वितरित किया। स्वयंसेवकों ने “सेवा ही धर्म है” की भावना के साथ यात्रियों को गर्मी से राहत पहुंचाने का प्रयास किया।

इसी क्रम में नर्मदा ओपन स्काउट एवं मदर टेरेसा ग्रुप, नैनपुर द्वारा नैनपुर रेलवे स्टेशन परिसर और गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों को शीतल पेयजल वितरित किया गया। गर्मी से परेशान यात्रियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे राहतभरा प्रयास बताया।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री दिलीप सिंह ने स्काउट-गाइड्स की इस पहल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह अभियान सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।

यात्रियों ने भी स्टेशन पर संचालित जल सेवा अभियान को उपयोगी बताते हुए कहा कि दोपहर की तेज गर्मी में इस तरह की व्यवस्था यात्रा को काफी सहज बना रही है। रेलवे प्रशासन के अनुसार यह सेवा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS