Explore

Search

July 13, 2026 8:12 am

ऑपरेशन आघात : रायगढ़ में गांजा और नशीले इंजेक्शन के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, पांच गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ ।रायगढ़ जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बीड़पारा और रामलीला मैदान क्षेत्र में दबिश देकर गांजा और नशीले इंजेक्शन की तस्करी में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6.168 किलो गांजा, 24 नग नशीले बुट्रम इंजेक्शन, 7570 रुपये नकद, मोबाइल फोन और एक अपाचे बाइक जब्त की है।

एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह के निर्देश पर और एएसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। इस अभियान का नेतृत्व सीएसपी मयंक मिश्रा और डीएसपी उन्नति ठाकुर ने किया।

पुलिस के अनुसार, 25 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बीड़पारा क्षेत्र में गांजा की बिक्री की जा रही है। सूचना पर संयुक्त टीम ने इरशाद खान के मकान में छापा मारा। तलाशी के दौरान कमरे में रखी प्लास्टिक बोरी से छह पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 6.168 किलो निकला। मौके से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

पूछताछ में इरशाद खान ने बताया कि वह जोगीडीपा निवासी मोहम्मद वसीम के साथ मिलकर गांजा बेचता है। इसके बाद पुलिस ने मोहम्मद वसीम को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने ओडिशा से गांजा लाकर बिक्री करने की बात स्वीकार की। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।

इसी क्रम में 26 मई को पुलिस को सूचना मिली कि रामलीला मैदान के पास कुछ युवक नाबालिगों को बुट्रम इंजेक्शन के जरिए नशा करा रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान कुछ युवक भाग निकले, जबकि पुलिस ने सूरज पंडित और विमल केरकेट्टा को पकड़ लिया।

तलाशी में सूरज पंडित के पास से 24 नग Butorphanol Tatrate Injection USP 2mg (Butrum), दो सिरिंज, 7370 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खरसिया निवासी सरोज यादव उर्फ बबलू यादव से इंजेक्शन खरीदने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने सरोज यादव को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से बिक्री रकम के 200 रुपये बरामद किए गए।

पुलिस ने मामले में नशीले इंजेक्शन, सिरिंज, नकदी, मोबाइल और अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक CG13AY3523 जब्त कर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और जेजे एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

एसएसपी सिंह ने कहा कि युवाओं और नाबालिग बच्चों को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS