Explore

Search

May 26, 2026 6:42 pm

एसएसपी का कबाड़ माफिया क्लीनअप ऑपरेशन ,49 कारोबारियों की जांच के बाद 40 गोदाम सील अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर

“बिलासपुर में कबाड़ माफियाओं पर पुलिस का बड़ा प्रहार, एसएसपी रजनेश सिंह के एक्शन से मचा हड़कंप”

छत्तीसगढ़ ।भीषण गर्मी के बीच बिलासपुर में पिछले कई दिनों से चल रही पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई ने अवैध कबाड़ कारोबारियों की नींद उड़ा दी है। जिले में चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त, अवैध कबाड़ गोदामों और बेजा कब्जों के खिलाफ एसएसपी आईपीएस रजनेश सिंह के निर्देश पर  ऐसा बड़ा अभियान चला, जिसमें 49 कबाड़ियों की जांच हुई, 40 गोदाम सील किए गए और कई अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाया गया। ट्रांसपोर्ट नगर से बड़ी कोनी और चांटीडीह तक हुई लगातार कार्रवाइयों ने साफ संकेत दे दिया है कि अब अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस पूरी सख्ती के मूड में है।

पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई से जिले भर के कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान कई कारोबारियों द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद तत्काल सीलिंग की कार्रवाई की गई। अब दस्तावेजों की विस्तृत जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अवैध कब्जे वाले कबाड़ गोदामों पर चला अभियान

जांच के दौरान तीन बड़े कबाड़ गोदाम अवैध बेजा कब्जे में संचालित पाए गए, जिन्हें प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में हटवाया गया।

इनमें ट्रांसपोर्ट नगर गेट के पास चकरभाठा क्षेत्र में संचालित पिंटू चौहान के कबाड़ी गोदाम पर कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण हटाया गया। इसी तरह बड़ी कोनी क्षेत्र में संचालित मंसूर बेग के कबाड़ गोदाम पर भी कार्रवाई की गई। वहीं चांटीडीह ईरानी मोहल्ला निवासी नानू साहू द्वारा कब्जा कर बनाए गए कबाड़ गोदाम को भी हटाया गया।

मस्तूरी क्षेत्र में कबाड़ से भरी वाहन जब्त

विशेष अभियान के दौरान थाना मस्तूरी क्षेत्र में पुलिस ने कबाड़ से भरी एक संदिग्ध वाहन को जब्त किया। मामले में पूछताछ जारी है। पुलिस को आशंका है कि वाहन में चोरी अथवा अवैध तरीके से एकत्र किया गया सामान परिवहन किया जा रहा था।

18 कबाड़ी हिरासत में, लगातार जारी रहेगा अभियान

अभियान के दौरान 18 कबाड़ियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बिना दस्तावेज के कारोबार करने वालों, चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त में संलिप्त लोगों तथा संदिग्ध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को नियमित जांच और निगरानी के निर्देश दिए हैं ताकि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS