Explore

Search

July 13, 2026 11:46 am

ऑपरेशन नारकोस के तहत रेलवे सुरक्षा बल की बड़ी कार्रवाई : 4.56 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त, 138 तस्कर गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ । आरपीएफ द्वारा यात्रियों की सुरक्षा और नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोस के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडलों में गठित विशेष टास्क टीमों ने वर्ष 2025 और वर्ष 2026 में अब तक करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ जब्त कर बड़ी संख्या में तस्करों को गिरफ्तार किया है।

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ट्रेनों और रेलवे परिक्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए तीनों मंडलों में सीआईबी और एसआईबी को सक्रिय किया गया है। यात्री ट्रेनों में लगातार चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

वर्ष 2025 में ऑपरेशन नारकोस के तहत कुल 63 मामलों में कार्रवाई करते हुए 78 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा 713.522 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 1.70 करोड़ रुपये आंकी गई है। वहीं वर्ष 2026 में अब तक 38 मामलों में 60 आरोपियों की गिरफ्तारी कर 572.729 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत लगभग 2.86 करोड़ रुपये बताई गई है।

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा विगत वर्षों से लगातार चलाए जा रहे इस अभियान के परिणामस्वरूप वर्ष 2025 एवं 2026 में अब तक कुल 4.56 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं तथा 138 आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।

अधिकारियों के अनुसार उड़ीसा की ओर से आने वाली ट्रेनों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इनमें 12843 पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस, 18477 उत्कल एक्सप्रेस, 12807 समता एक्सप्रेस, 58213 टिटलागढ़-बिलासपुर पैसेंजर तथा 12994 पुरी-गांधीधाम एक्सप्रेस प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन ट्रेनों में लगातार ड्राइव और चेकिंग अभियान जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS