Explore

Search

May 13, 2026 1:51 pm

अबूझमाड़ में नक्सल नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, संयुक्त अभियान में करोड़ों की नकदी और हथियार जब्त

“आईजी सुंदरराज पी के मुताबिक वर्ष 2025-26 में जिले में अब तक कुल 270 हथियार बरामद किए जा चुके हैं। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि हाल के अभियानों ने माओवादियों की आईईडी निर्माण क्षमता और हथियार आपूर्ति नेटवर्क को गंभीर नुकसान पहुंचाया है”

नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने माओवादियों के पुराने ठिकानों और छिपाए गए डंपों से 1 करोड़ 1 लाख 64 हजार नकद राशि के साथ भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। कार्रवाई को नक्सली नेटवर्क की लॉजिस्टिक व्यवस्था पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

यह अभियान नारायणपुर पुलिस, डीआरजी, एसटीएफ, आईटीबीपी और बीएसएफ की संयुक्त टीमों द्वारा पिछले एक माह से अबूझमाड़ के संवेदनशील इलाकों में चलाया जा रहा था। सुरक्षा एजेंसियों को ग्रामीणों, आत्मसमर्पित माओवादी कैडरों और स्थानीय आसूचना तंत्र से लगातार इनपुट मिल रहे थे, जिसके आधार पर जंगलों में अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए डंपों का पता लगाया गया।

पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की नक्सल उन्मूलन नीति के तहत जिले में माड़ बचाओ अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य वर्ष 2026 तक नारायणपुर को नक्सलमुक्त क्षेत्र के रूप में स्थापित करना है। इसी रणनीति के तहत लगातार सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाए जा रहे हैं।

पुलिस महानिरीक्षक रेंज आईपीएस सुंदरराज पट्टलिंगम ने कहा कि अबूझमाड़ में लगातार बढ़ते दबाव के कारण माओवादी संगठन की आपूर्ति और हथियार तंत्र कमजोर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से अभियान लगातार सफल हो रहे हैं और बस्तर क्षेत्र धीरे-धीरे शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

संयुक्त कार्रवाई में कुल 28 हथियार बरामद किए गए हैं। इनमें तीन AK-47 रायफल, तीन एसएलआर रायफल, दो 303 रायफल, एक 315 रायफल, दो 12 बोर बंदूक, दो देशी कट्टे और एक एयर गन शामिल हैं। इसके अलावा AK-47 के 113, एसएलआर के 182, 303 रायफल के 45 और 315 रायफल के 41 जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं। सुरक्षाबलों को बड़ी संख्या में मैग्जीन, बीजीएल सेल, बीजीएल कार्टेज, एसएमजी कार्टेज, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर, बिजली वायर और आईईडी निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री भी मिली है।

कार्रवाई के दौरान वॉकीटॉकी सेट, मोटोरोला संचार उपकरण, रेडियो सेल, बैटरियां, नक्सली वर्दियां और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री भी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार लगभग पांच किलो सोरा और तीन किलो सफेद पाउडर भी मिला है, जिनका उपयोग विस्फोटक तैयार करने में किया जाता है।

पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगलों या आसपास के इलाकों में किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा बलों को दें। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में भी अबूझमाड़ और आसपास के क्षेत्रों में इसी तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS