वर्धा, 08 अप्रैल 2026। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले छठवें दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इस महत्वपूर्ण अवसर पर भारत की माननीय राष्ट्रपति एवं विश्वविद्यालय की कुलाध्यक्षा श्रीमती द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, दीक्षांत समारोह गुरुवार, 16 अप्रैल 2026 को पूर्वाह्न 11:25 बजे टैगोर सांस्कृतिक संकुल स्थित निराला प्रेक्षागृह में आयोजित किया जाएगा। समारोह में राष्ट्रपति मुर्मु दीक्षांत भाषण भी देंगी।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में महाराष्ट्र के राज्यपाल श्री जिष्णु देव वर्मा, राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे, शिक्षा राज्य मंत्री एवं वर्धा जिले के पालकमंत्री डॉ. पंकज भोयर तथा कार्य परिषद के सदस्य प्रो. सुरेंद्र दुबे उपस्थित रहेंगे। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा दीक्षांत उपदेश प्रदान करेंगी।
विश्वविद्यालय के इतिहास में यह पहला अवसर है जब दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति की उपस्थिति होगी। इससे पहले वर्ष 2007 में तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम विश्वविद्यालय आए थे, जिन्होंने दूर शिक्षा निदेशालय का उद्घाटन किया था।
दीक्षांत समारोह के दौरान विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक सहित विभिन्न सम्मान एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल है, वहीं जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
समारोह के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने विभिन्न समितियों का गठन किया है। कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने समन्वय, स्वागत, उपाधि एवं प्रमाणपत्र वितरण, मीडिया तथा यातायात समितियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं, ताकि आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
प्रधान संपादक


