Explore

Search

October 13, 2026 5:51 am

सुकमा में मेगा स्वास्थ्य शिविर: 6,500 से अधिक लोगों को मिला लाभ, बदली विकास की तस्वीर

रायपुर।नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में बदलते हालात के बीच स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच अब सुदूर क्षेत्रों तक मजबूत होती नजर आ रही है। जिला प्रशासन सुकमा और बेंगलुरु के एनटीआर फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से आयोजित दो दिवसीय सुपर स्पेशलिटी मेगा स्वास्थ्य शिविर में 6,500 से अधिक लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

मिनी स्टेडियम में 28 और 29 मार्च को आयोजित इस शिविर का शुभारंभ प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने किया। शिविर में उन आंतरिक और संवेदनशील क्षेत्रों के 3,700 से अधिक ग्रामीण भी पहुंचे, जो लंबे समय तक मुख्यधारा से कटे रहे थे।

कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह के निर्देश और कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में 21 विशेषज्ञ डॉक्टरों और 40 स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में कैंसर, हृदय रोग, स्त्री रोग, नेत्र रोग और न्यूरोलॉजी जैसी गंभीर बीमारियों की जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। साथ ही आयुर्वेदिक चिकित्सा, आधुनिक जांच, दवा वितरण और दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम अंग भी प्रदान किए गए।

शिविर के दौरान 989 बुजुर्गों को चश्मों का वितरण किया गया, जबकि 1,500 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए 85 महिलाओं की कैंसर स्क्रीनिंग की गई। इसके अलावा 2,300 आभा आईडी और 153 आयुष्मान कार्ड मौके पर बनाए गए, जिससे लोगों को भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

जिले में लंबे समय तक नक्सल प्रभाव के कारण स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित थीं, लेकिन वर्तमान में सुरक्षा और शांति के माहौल ने प्रशासन की पहुँच को आसान बनाया है। इस पहल को स्थानीय लोगों ने सकारात्मक रूप से स्वीकार किया है, जो अब आधुनिक चिकित्सा सेवाओं पर भरोसा जता रहे हैं।

इस प्रकार के शिविर न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाते हैं, बल्कि शासन-प्रशासन के प्रति जनता के विश्वास को भी मजबूत करते हैं। सुकमा में आयोजित यह मेगा स्वास्थ्य शिविर क्षेत्र में बदलती परिस्थितियों और विकास की दिशा में उठाए जा रहे कदमों का एक महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS