Explore

Search

November 12, 2026 12:19 am

बिलासपुर में बर्ड फ्लू की पुष्टि, 1 किमी क्षेत्र ‘इन्फेक्टेड जोन’ और 10 किमी सर्विलांस जोन’ घोषित

छत्तीसगढ़ ।बिलासपुर में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए कोनी क्षेत्र को केंद्र मानकर 1 किलोमीटर के दायरे को इन्फेक्टेड जोन और 10 किलोमीटर क्षेत्र को सर्विलांस जोन घोषित कर दिया है। संक्रमण के खतरे को देखते हुए पोल्ट्री उत्पादों के क्रय-विक्रय और परिवहन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है, वहीं चेकपोस्ट बनाकर आवाजाही पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने शासकीय कुक्कुट पालन क्षेत्र कोनी में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) की पुष्टि होने के बाद सख्त कदम उठाए हैं।

कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी आईएएस संजय अग्रवाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रभावित क्षेत्र के 1 किलोमीटर के दायरे को ‘इन्फेक्टेड जोन’ तथा 10 किलोमीटर के दायरे को ‘सर्विलांस जोन’ घोषित किया गया है।


संचालनालय पशु चिकित्सा सेवाएं, रायपुर के निर्देश पर की गई जांच में एनआईएचएसएडी भोपाल द्वारा बर्ड फ्लू की पुष्टि की गई है। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से सर्विलांस जोन में पोल्ट्री उत्पादों के क्रय-विक्रय और परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।

आदेश में पुलिस अधीक्षक, वन मंडलाधिकारी एवं जिला परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने विभागों के माध्यम से चेकपोस्ट स्थापित कर सर्विलांस जोन के भीतर और बाहर पोल्ट्री पक्षियों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखें। साथ ही, अन्य क्षेत्रों में भी पोल्ट्री मूवमेंट पर सतत नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए समय-समय पर जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि संक्रमण के फैलाव को प्रभावी रूप से रोका जा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS