बिलासपुर। शहर के संडे मार्केट में चोरी की आशंका को लेकर ग्राहक और दुकान संचालक के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों की पत्नियां भी आपस में भिड़ गईं। घटना का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राजीव गांधी चौक के पास रहने वाले नरेंद्र तेंदुलकर (32) संडे मार्केट में बैग की दुकान लगाते हैं। रोज की तरह रविवार शाम को भी वे अपनी पत्नी के साथ दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान चंद्रकुमार नामक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ खरीदारी करने दुकान पर पहुंचा। उसकी पत्नी दुकान में रखे बैग देख रही थी। तभी नरेंद्र की पत्नी को संदेह हुआ कि महिला ने एक बैग उठाकर अपने साथ लाए थैले में रख लिया है। इस पर उन्होंने महिला से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
आरोप है कि इस दौरान चंद्रकुमार और उसकी पत्नी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और नरेंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई होने लगी। दुकान संचालक की पत्नी और ग्राहक की पत्नी भी एक-दूसरे से भिड़ गईं। संडे मार्केट में मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई, लेकिन किसी तरह मामला शांत कराया गया। मारपीट के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच हो रही झूमाझटकी और मारपीट साफ दिखाई दे रही है। घटना के बाद नरेंद्र तेंदुलकर ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चंद्रकुमार के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर भी तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।
प्रधान संपादक


