Explore

Search

February 11, 2026 1:59 am

जांजगीर-चांपा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद गिरोह का पर्दाफाश,6 मामलों का खुलासा

2 रातों में 5 जगह लूट व हत्या के प्रयास, 8 आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड घायल

जांजगीर-चांपा।जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले लूट और जानलेवा हमलों के एक संगठित गिरोह पर जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है। थाना शिवरीनारायण और थाना पामगढ़ क्षेत्र में दो रातों के भीतर पांच स्थानों पर डकैती लूट और हत्या के प्रयास की घटनाओं में शामिल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह का मास्टरमाइंड रामनाथ पुलिस घेराबंदी के दौरान फायरिंग करते हुए पकड़ा गया, जिसे जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगी है।

पुलिस अधीक्षक आईपीएस विजय पाण्डेय ने बताया कि 27 और 29 जनवरी की दरम्यानी रात पामगढ़ और शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में आरोपियों ने सुनसान स्थानों पर राहगीरों को रोककर रॉड, डंडा और लोहे के पाइप से प्राणघातक हमला किया और मोबाइल फोन व नकदी लूट ली। इन घटनाओं में कुल 13 लोग घायल हुए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। एक घायल कोमा में है जिनका उपचार बिलासपुर और रायपुर के अस्पतालों में जारी है।

एसपी श्री पाण्डेय ने बताया कि घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर साइबर थाना की तकनीकी सहायता और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। घेराबंदी के दौरान आरोपी रामनाथ ने पुलिस दल पर देशी कट्टे से फायरिंग की जिस पर आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर उपचार के बाद न्यायिक प्रक्रिया में लिया है।

4.09 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्टील रॉड डंडा, बेल्ट लोहे के पाइप मोटरसाइकिल स्कूटी मोबाइल फोन और नकदी बरामद कर कुल 4 लाख 9 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में निखिल टंडन मनीराम गोंड नरेश यादव रोशन टंडन आयुष रात्रे सन्नी और मास्टरमाइंड रामनाथ शामिल हैं जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

सुनियोजित और क्रूर था अपराध का तरीका

पुलिस के अनुसार आरोपी समूह बनाकर मोटरसाइकिलों से अंधेरे और सुनसान रास्तों पर घूमते थे। राहगीरों को रोककर सीधे सिर पर वार कर गंभीर चोट पहुंचाते और फिर लूटपाट करते थे। लगातार घटनाओं को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत फैलाना इनका उद्देश्य था।एसपी विजय पाण्डेय ने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS