Explore

Search

March 5, 2026 5:06 pm

धान खरीदी केंद्र में 6.55 करोड़ की गड़बड़ी, फड़ प्रभारी गिरफ्तार,एसएसपी ने दी जानकारी 

जशपुर।तुमला थाना क्षेत्र के कोनपारा स्थित धान खरीदी उपकेंद्र में खरीफ वर्ष 2024-25 के दौरान 6 करोड़ 55 लाख रुपये से अधिक की अनियमितता का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित अपेक्स बैंक जशपुर के नोडल अधिकारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार बताए जा रहे हैं।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोनपारा (एम पंजीयन क्रमांक 128 के अंतर्गत संचालित धान खरीदी उपकेंद्र में अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा आपसी मिलीभगत से धान खरीदी में गंभीर गड़बड़ी की गई। रिकॉर्ड के अनुसार खरीफ वर्ष 2024-25 में कुल 1,61,250 क्विंटल धान की खरीदी दर्शाई गई थी, जबकि मिलों एवं संग्रहण केंद्रों को मात्र 1,40,663.12 क्विंटल धान का परिदान किया गया। इस प्रकार 20,586.88 क्विंटल धान की कमी पाई गई।

संयुक्त जांच दल द्वारा कराए गए भौतिक सत्यापन में भी मौके पर धान उपलब्ध नहीं पाया गया। जांच रिपोर्ट में प्रति क्विंटल 3100 रुपये के हिसाब से धान की कीमत 6 करोड़ 38 लाख 19 हजार 328 रुपये आंकी गई, वहीं धान पैकिंग में प्रयुक्त 4,898 नग नए-पुराने बारदानों की कीमत 17 लाख 07 हजार 651 रुपये बताई गई। इस तरह कुल मिलाकर शासन को 6 करोड़ 55 लाख 26 हजार 979 रुपये की आर्थिक क्षति होने का अनुमान है।

अपेक्स बैंक के नोडल अधिकारी राम कुमार यादव (61) की रिपोर्ट पर पुलिस ने भुनेश्वर यादव (प्राधिकृत अधिकारी), जयप्रकाश साहू (समिति प्रबंधक), शिशुपाल यादव (फड़ प्रभारी), जितेंद्र साय (कंप्यूटर ऑपरेटर), अविनाश अवस्थी (सहायक फड़ प्रभारी) और चंद्र कुमार यादव (उप सहायक फड़ प्रभारी) के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4), 320, 336, 338 एवं 61 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

विवेचना के दौरान पुलिस ने फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव (39), निवासी ग्राम झारमुंडा, थाना तुमला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक कोमल सिंह नेताम सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और शेष आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS