Explore

Search

November 4, 2026 12:34 am

शादी के तीन दिन बाद नवविवाहिता ने की आत्महत्या, टॉयलेट में फांसी पर लटकी मिली लाश

बिलासपुर। कोटा क्षेत्र के ग्राम अमाली में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शादी के महज तीन दिन बाद ही युवती की लाश मायके स्थित घर के टॉयलेट में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें युवती ने आत्महत्या का फैसला खुद की मर्जी से लेने की बात लिखी है और परिवार को परेशान न करने की अपील की है। हालांकि, सुसाइड नोट में आत्महत्या का कारण नहीं बताया गया है।

जानकारी के अनुसार, अमाली गांव निवासी लक्ष्मी भैना (23) की शादी 15 अप्रैल को जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कांसा निवासी दुआस भैना से हुई थी। 16 अप्रैल को उसकी विदाई हुई थी, जिसमें बुआ और मामी भी उसके साथ ससुराल गई थीं। उसी शाम युवती के मायके वाले उसे वापस लिवाने के लिए ससुराल पहुंचे और रात में उसे मायके ले आए। 17 अप्रैल की सुबह लक्ष्मी रोज की तरह उठी और घर के पास बने टॉयलेट की ओर गई। कुछ देर बाद जब वह वापस नहीं लौटी, तो परिजन उसे देखने पहुंचे। दरवाजा खोलने पर देखा कि लक्ष्मी की लाश फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। परिजनों ने तत्काल फंदा काटकर उसे नीचे उतारा और कोटा स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जांच अधिकारी एसआई मीना ठाकुर के अनुसार, युवती सगाई के बाद से ही शादी को लेकर असमंजस में थी और उसने अपने भाई से शादी न करने की बात भी कही थी। बावजूद इसके परिवार ने समझाकर विवाह करवा दिया।
एएसपी ग्रामीण अर्चना झा ने बताया कि सुसाइड नोट जब्त कर लिया गया है और युवती के मायके व ससुराल पक्ष के बयान दर्ज किए गए हैं। प्राथमिक जांच में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। मामले की जांच जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS