Explore

Search

March 14, 2026 6:37 pm

ऑपरेशन प्रहार के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 83 लाख से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त

“एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश,अवैध कबाड़ और चोरी के माल के कारोबार पर पुलिस की कड़ी नजर ,बिना वैध दस्तावेज के स्क्रैप या धातु सामग्री का परिवहन करने वालों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई”

रायगढ़, 14 मार्च। जिले में अवैध कबाड़ और चोरी के माल के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 वाहनों सहित लगभग 83 लाख 52 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है। कार्रवाई में करीब 130 टन स्क्रैप और आयरन पेललेट्स बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में पूंजीपथरा और पुसौर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए अवैध कबाड़ के परिवहन में लगे वाहनों को पकड़ा और चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की।

डीएसपी सुशांतो बनर्जी

पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में आर्यन फ्यूल के सामने पुसौर-सरिया मार्ग पर चेकिंग के दौरान दो टाटा 1512 वाहनों को रोका गया। जांच में वाहनों में करीब 19 टन लोहे के टीना का स्क्रैप लोड मिला। वाहन चालकों द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर दोनों वाहनों सहित स्क्रैप को जब्त कर लिया गया।

इसी प्रकार शनिवार सुबह पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तमनार चौक और महुआ चौक तुमीडीह में घेराबंदी कर ओडिशा से रायगढ़ की ओर आ रहे चार भारी वाहनों को रोका। जांच के दौरान तीन 12 चक्का ट्रकों में आयरन पेललेट्स तथा एक ट्रक में लगभग 25 टन स्क्रैप लोहे के छड़ और मशीनरी पार्ट्स लोड पाए गए। दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर चालकों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 35(क), (ड) तथा बीएनएस की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की।

पुलिस की दोनों कार्रवाइयों में 3 ट्रकों से 86 टन आयरन पेललेट्स (कीमत लगभग 6.20 लाख रुपये) तथा 1 ट्रक और 2 टाटा वाहनों से 44 टन लोहे का स्क्रैप (कीमत लगभग 17.32 लाख रुपये) जब्त किया गया। इसके अलावा अवैध परिवहन में प्रयुक्त 6 वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है।

एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जिले में अवैध कबाड़ और चोरी के माल के कारोबार पर पुलिस की कड़ी नजर है। बिना वैध दस्तावेज के स्क्रैप या धातु सामग्री का परिवहन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS