दिव्यांग अभ्यर्थियों को मिलेगा आवेदन का नया अवसर, 1654 पदों का विषयवार विवरण जारी
CBN36 रायपुर, 12 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती 2026 के अंतर्गत दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में लोक शिक्षण संचालनालय ने शिक्षक भर्ती के विस्तृत विज्ञापन में संशोधन करते हुए शुद्धि पत्र जारी किया है। इस संशोधन के तहत विभिन्न विषयों के शिक्षक पदों के लिए पात्र दिव्यांगता की श्रेणियों का विस्तार किया गया है। इससे नए पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने का अवसर मिलेगा।
हाईकोर्ट के निर्देश पर हुआ संशोधन
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी शुद्धि पत्र के अनुसार, यह संशोधन छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में याचिका क्रमांक WPS No. 6783 of 2026 (मीनाक्षी मंगलेकर एवं अन्य बनाम छत्तीसगढ़ शासन एवं अन्य) में 9 अक्टूबर 2026 को पारित निर्णय के अनुपालन में किया गया है।
इससे पहले स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत शासकीय शालाओं में ई एवं टी संवर्ग के शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल की वेबसाइट vyapamcg.cgstate.gov.in पर 7 अगस्त 2026 को विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया था।
दिव्यांगता की श्रेणियों में किए गए प्रमुख बदलाव
संशोधित विज्ञापन के अनुसार, समाज कल्याण विभाग की 11 सितंबर 2026 की संशोधित अधिसूचना के आधार पर हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और सामाजिक विज्ञान विषयों के शिक्षक पदों के लिए पूर्ण दृष्टिबाधिता (Blind) और सेरेब्रल पाल्सी (Cerebral Palsy) को उपयुक्त दिव्यांगता की श्रेणियों में शामिल किया गया है।
इसी प्रकार गणित विषय के शिक्षक पद के लिए सेरेब्रल पाल्सी एवं कुष्ठ रोग से उपचारित दिव्यांगता को शामिल किया गया है। कृषि विषय के शिक्षक पद के लिए सेरेब्रल पाल्सी को उपयुक्त दिव्यांगता की श्रेणी में रखा गया है।
इसके अलावा दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित पदों का वितरण चार प्रमुख समूहों—दृष्टिबाधिता (VI), श्रवण बाधिता (HI), अस्थिबाधिता (OI) एवं बहुदिव्यांगता (MD)—के अनुसार श्रेणीवार निर्धारित किया गया है।
कुल 1654 पदों पर होगी भर्ती
लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, संशोधित विज्ञापन के तहत ई-संवर्ग के 868 और टी-संवर्ग के 786 पदों सहित कुल 1654 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया होगी।
ई-संवर्ग के 868 पदों का विषयवार विवरण:
- हिंदी – 109 पद
- संस्कृत – 150 पद
- अंग्रेजी – 319 पद
- गणित – 135 पद
- सामाजिक विज्ञान – 150 पद
- कृषि – 5 पद
टी-संवर्ग के 786 पदों का विषयवार विवरण:
- हिंदी – 141 पद
- संस्कृत – 150 पद
- अंग्रेजी – 185 पद
- गणित – 115 पद
- सामाजिक विज्ञान – 100 पद
- कृषि – 95 पद
आवेदन की तिथि अलग से होगी घोषित
लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि संशोधन के दायरे में आने वाले नए पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा अलग से घोषित की जाएगी।
शुद्धि पत्र से संबंधित विस्तृत जानकारी संबंधित आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। शिक्षक भर्ती के लिए 7 अगस्त 2026 को जारी मूल विज्ञापन की अन्य सभी शर्तें एवं कंडिकाएं यथावत रहेंगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन की नई तिथि और संशोधित पात्रता संबंधी जानकारी के लिए आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें।
प्रधान संपादक