Explore

Search

August 23, 2026 7:35 pm

48 घंटे में 121 लीटर अवैध शराब जब्त, छह जगह कार्रवाई

रायगढ़ में चला ऑपरेशन आघात, अंग्रेजी-देशी शराब और महुआ शराब के साथ कई आरोपी गिरफ्तार,एसएसपी शशि मोहन सिंह बोले- अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी”

CBN36 रायगढ़। अवैध शराब के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने पिछले 48 घंटे में बड़ी कार्रवाई करते हुए 121.250 लीटर अवैध शराब जब्त की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जूटमिल, कोतवाली, तमनार, छाल और घरघोड़ा थाना क्षेत्रों में पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान अंग्रेजी-देशी शराब, बीयर और बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

जूटमिल में ढाबे के पीछे शराब बेचते युवक पकड़ा

जूटमिल पुलिस ने काशीराम चौक के पास हमर ढाबा के पीछे घेराबंदी कर कृष्णा सारथी (20) को पकड़ा। उसके कब्जे से 25 नग देशी शराब की बोतलों में 4.500 बल्क लीटर शराब और झाड़ियों में छिपाकर रखी पांच बीयर की बोतलों में 3.250 बल्क लीटर शराब बरामद हुई। कुल 7.750 लीटर शराब की कीमत करीब 3,050 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत कार्रवाई की गई।

रेलवे स्टेशन के बाहर 22.5 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद

कोतवाली पुलिस ने रेलवे स्टेशन के बाहर शिव मंदिर के पास बैग में अंग्रेजी शराब रखकर बिक्री करने के आरोप में झारखंड निवासी सुरिस्ठ सिंह (62) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से TEACHERS, BLACK DOG और VAT 69 समेत कुल 22.5 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब की कीमत करीब 34 हजार रुपये और बिक्री की रकम एक हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया।

तमनार में दो कार्रवाई, 51 लीटर महुआ शराब जब्त

तमनार पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 51 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। ग्राम मिलूपारा-खम्हरिया मार्ग पर सन्तकुमार यादव (43) के कब्जे से 20 लीटर महुआ शराब मिली। वहीं टांगरघाट में परवन कुमार राठिया (28) के घर की कोलाबाड़ी में दबिश देकर 31 लीटर कच्ची महुआ शराब और 200 रुपये बिक्री रकम बरामद की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

सारसमार में 14 लीटर महुआ शराब पकड़ी

छाल पुलिस ने ग्राम सारसमार में मेन रोड किनारे कार्रवाई करते हुए संजय कुमार साण्डेल (45) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 14 लीटर हाथ भट्ठी की कच्ची महुआ शराब मिली, जिसकी कीमत करीब 2,800 रुपये है। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

घर की बाड़ी में छिपाकर रखी थी 26 लीटर महुआ शराब

घरघोड़ा पुलिस ने ग्राम बैहामुड़ा में लक्ष्मीनारायण सारथी (41) के घर की बाड़ी में दबिश दी। तलाशी के दौरान तीन प्लास्टिक जरीकेन से कुल 26 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। इसकी कीमत करीब 5,200 रुपये बताई गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

सार्वजनिक जगह पर शराब पीने वालों पर भी कार्रवाई

अवैध शराब के कारोबार के साथ पुलिस सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई कर रही है। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के मालीडिपा और कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के कोसमनारा चौक में सार्वजनिक रूप से शराब पीते पाए गए लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई।

एसएसपी बोले- अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध शराब से जुड़े लोगों के साथ किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपने आसपास होने वाली अवैध शराब की गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS