Explore

Search

August 23, 2026 6:09 pm

पश्चिमी DFC पर पहली डबल-स्टैक लॉन्ग-हॉल कंटेनर ट्रेन का सफल संचालन

मुंबई से वडोदरा तक 422 किमी का सफर, एक ही ट्रेन में 360 TEUs कंटेनर का परिवहन

CBN36 मुंबई। भारतीय रेल ने पश्चिमी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर डीएफसी पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 21 अगस्त को जेएनपीटी मुंबई से वडोदरा मंडल के वर्णामा स्थित CONCOR के GCT टर्मिनल तक पहली डबल-स्टैक लॉन्ग-हॉल कंटेनर ट्रेन का सफल संचालन किया गया। ट्रेन में 360 TEUs कंटेनर लदे थे। करीब 422 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली ट्रेन ने 21 अगस्त को शाम 7 बजे JNPT से प्रस्थान किया।

दो डबलस्टैक रेक को जोड़कर बनाई ट्रेन

लॉन्ग-हॉल ट्रेन में दो डबल-स्टैक रेक को एक साथ जोड़ा गया था। लीडिंग रेक में 45+1 लोड, लोको नंबर 60311 और 1,817 टन वजन था। वहीं ट्रेलिंग रेक में 45+1 लोड, लोको नंबर 24690 और 2,105 टन वजन था। दोनों रेक को मिलाकर कुल 3,922 टन वजन के साथ 360 TEUs कंटेनर का परिवहन किया गया।

एक ट्रेन में अधिक माल, घटेगा ट्रांजिट टाइम

लॉन्ग-हॉल डबल-स्टैक ट्रेन के संचालन से एक ही मूवमेंट में बड़ी संख्या में कंटेनरों को गंतव्य तक पहुंचाया जा सकेगा। इससे बंदरगाह और टर्मिनलों पर कंटेनरों के ठहराव का समय कम करने के साथ भीड़भाड़ घटाने में मदद मिलेगी। कंटेनरों की तेज निकासी से माल के कुल ट्रांजिट टाइम में भी कमी आने की उम्मीद है।

रेल नेटवर्क की क्षमता का होगा बेहतर इस्तेमाल

एक ही ट्रेन में अधिक कंटेनर ले जाने से समान मात्रा में माल ढोने के लिए ट्रेनों के फेरों की संख्या कम होगी। इससे उपलब्ध रेल मार्ग की क्षमता का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा। साथ ही लोकोमोटिव और कंटेनर फ्लैट वैगनों की आवश्यकता में भी कमी आएगी।

सड़क परिवहन पर दबाव और डीजल खपत घटेगी

विद्युत इंजन से संचालित यह ट्रेन पर्यावरण के लिहाज से भी अहम है। एक डबल-स्टैक लॉन्ग-हॉल ट्रेन बड़ी संख्या में ट्रकों के बराबर कार्गो ले जा सकती है। इससे सड़क यातायात का दबाव, डीजल की खपत और वाहनों से होने वाले उत्सर्जन को कम करने में मदद मिलेगी।

माल ढुलाई को मिलेगी नई रफ्तार

भारतीय रेल की यह उपलब्धि अधिक क्षमता और कम समय में माल परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे JNPT समेत अन्य फ्रेट टर्मिनलों से कंटेनरों की तेज निकासी के साथ माल परिवहन की कुल लागत कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS