Explore

Search

July 27, 2026 11:37 am

55 किलो गौमांस के साथ 10 आरोपी हिरासत में, ऑपरेशन शंखनाद के तहत कोतबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

CBN36 जशपुर। जशपुर पुलिस के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत चौकी कोतबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 55 किलो गौमांस के साथ 10 आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक हीरो मोटरसाइकिल, टांगी, छुरी, रस्सी तथा गौमांस बिक्री से प्राप्त ₹2,000 भी जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 5, 6 एवं 10 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

एएसपी राकेश कुमार पाटनवार ने बताया कि 26 जुलाई की सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बैगाबहार और रोकबहार के कुछ लोग बैगाबहार बरगोड़ा क्षेत्र में गौवंश का वध कर उसका मांस काट रहे हैं और उसे अपने घर ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही चौकी कोतबा पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

कार्रवाई के दौरान आरोपी रंजीत एक्का की हीरो मोटरसाइकिल (CG 13 W 8714) से एक बोरी में लगभग 55 किलो गौमांस बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गौवंश का वध करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने मामले में शामिल सभी 10 आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, टांगी, छुरी, रस्सी तथा गौमांस बिक्री से प्राप्त 2,000 नकद भी जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ चौकी कोतबा में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में थाना तुमला पुलिस का भी विशेष योगदान रहा।

इस अभियान में थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक आशीष तिवारी, चौकी प्रभारी कोतबा उप निरीक्षक बृजेश यादव, सहायक उप निरीक्षक अपलेजर खेस, प्रधान आरक्षक अजय खेस, छविकांत पैंकरा, संजय लकड़ा, आरक्षक सुशील तिर्की, अमित, जेम्स एडवर्ड तिर्की, रघुराज रजक तथा महिला आरक्षक जया पैंकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि कोतबा क्षेत्र से 55 किलो गौमांस के साथ 10 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि गौवंश से जुड़े अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऑपरेशन शंखनाद के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS