Explore

Search

August 27, 2026 11:28 am

एसएसपी शशि मोहन सिंह की पहल, रायगढ़ पुलिस के विशेष अभियानों को नई पहचान

रायगढ़। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में रायगढ़ पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। अब इन अभियानों को नई पहचान देते हुए कुछ महत्वपूर्ण अभियानों के नामों में बदलाव किया गया है।

एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने बताया कि रायगढ़ पुलिस द्वारा गौ तस्करी, नशे के कारोबार, जुआ-सट्टा, अवैध कबाड़ कारोबार, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी तथा गुम बालक-बालिकाओं की तलाश जैसे मामलों में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए जिला स्तर पर अलग-अलग अभियान संचालित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत गौवंश एवं कृषक मवेशियों की अवैध तस्करी रोकने पर फोकस किया जा रहा है। वहीं “ऑपरेशन आघात” के माध्यम से अवैध शराब, गांजा, अफीम और अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। “ऑपरेशन अंकुश” जुआ और सट्टा गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए चलाया जा रहा है, जबकि “ऑपरेशन प्रहार” के जरिए अवैध कबाड़ कारोबार पर शिकंजा कसा जा रहा है।

एसएसपी ने कहा कि राज्य स्तर पर “ऑपरेशन तलाश” और “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान संचालित होने के कारण जिला स्तर के अभियानों के नामों में परिवर्तन किया गया है। अब फरार और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाया जा रहा “ऑपरेशन तलाश” अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के नाम से संचालित होगा।

इसी प्रकार गुम बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी तथा महिलाओं और नाबालिगों से जुड़े अपराधों में त्वरित कार्रवाई के लिए चलाया जा रहा “ऑपरेशन मुस्कान” अब “अभियान संवेदना” के नाम से जाना जाएगा।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आगे भी इसी तरह अभियान आधारित कार्रवाई जारी रखेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS