Explore

Search

April 10, 2026 1:00 pm

बिलासपुर में बर्ड फ्लू पर काबू, 3 माह तक सख्ती बरकरार

“प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सर्विलांस जोन के भीतर तथा 10 किलोमीटर की परिधि में पक्षियों एवं उनके उत्पादों के परिवहन पर सख्त प्रतिबंध लागू रहेगा। वहीं, संक्रमित केंद्र (0 से 1 किलोमीटर क्षेत्र) में कम से कम तीन माह तक पोल्ट्री पालन और विक्रय पर पूर्ण रोक जारी रहेगी”

छत्तीसगढ़ ।बिलासपुर जिले के कोनी स्थित शासकीय कुक्कुट पालन क्षेत्र में बर्ड फ्लू संक्रमण की पुष्टि के बाद प्रशासन द्वारा की गई व्यापक कार्रवाई और सैनिटाइजेशन प्रक्रिया पूर्ण होने पर संबंधित क्षेत्र के लिए सैनिटाइजेशन प्रमाण-पत्र जारी कर दिया गया है। हालांकि, संक्रमण की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से आगामी तीन माह तक सख्त निगरानी एवं प्रतिबंध जारी रहेंगे।

संयुक्त संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. जी.एस.एस. तंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि कोनी स्थित शासकीय कुक्कुट क्षेत्र में पक्षियों की जांच के दौरान बर्ड फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके बाद संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं, रायपुर के निर्देशानुसार प्रभावित क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से नियंत्रणात्मक कार्रवाई की गई। पोल्ट्री फार्म को पूरी तरह खाली कराया गया तथा संक्रमित क्षेत्र में मौजूद पक्षियों, अंडों, दाना एवं अन्य सामग्री का वैज्ञानिक विधि से नष्टीकरण किया गया।

उन्होंने बताया कि संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए पूरे क्षेत्र में 4 प्रतिशत फॉर्मेलिन एवं सोडियम हाइपोक्लोराइट से व्यापक सैनिटाइजेशन और डिसइन्फेक्शन किया गया। निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी प्रक्रियाएं पूर्ण होने के बाद क्षेत्र को सैनिटाइज घोषित करते हुए प्रमाण-पत्र जारी किया गया है।

डॉ. तंवर के अनुसार अब क्षेत्र में पोस्ट ऑपरेशन सर्विलांस प्लान के तहत सतत निगरानी रखी जाएगी। इसके अंतर्गत प्रत्येक 15 दिनों में नमूना परीक्षण किया जाएगा और चार चरणों तक लगातार निगेटिव रिपोर्ट मिलने के बाद ही क्षेत्र को पूर्णतः सुरक्षित माना जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सर्विलांस जोन के भीतर तथा 10 किलोमीटर की परिधि में पक्षियों एवं उनके उत्पादों के परिवहन पर सख्त प्रतिबंध लागू रहेगा। वहीं, संक्रमित केंद्र (0 से 1 किलोमीटर क्षेत्र) में कम से कम तीन माह तक पोल्ट्री पालन और विक्रय पर पूर्ण रोक जारी रहेगी।

पशुपालन विभाग ने जिले के सभी कुक्कुट पालकों से अपील की है कि वे केंद्र सरकार द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया का कड़ाई से पालन करें तथा पक्षियों की असामान्य मृत्यु की सूचना तत्काल विभाग को दें।

प्रशासन के इन प्रभावी कदमों से जहां संक्रमण पर नियंत्रण स्थापित हुआ है, वहीं भविष्य में किसी भी प्रकार की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS