
“कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने जिला चिकित्सालय को 25 गद्दे, सिम्स अस्पताल को 10 व्हीलचेयर, एसएनसीयू में फ्लोर मैट तथा सेंट्रल जेल चिकित्सालय को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया”
बिलासपुर।भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की जिला शाखा बिलासपुर की प्रबंध समिति की बैठक कलेक्टर एवं अध्यक्ष संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, जनजागरूकता और सामाजिक गतिविधियों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में पंचायत स्तर पर फर्स्ट एड एवं सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी, जो विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को प्रशिक्षण देंगे। साथ ही महाविद्यालयों में भी सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता देने के लिए सक्षम बनाया जा सके।

जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। इस अभियान में सामाजिक संस्थाओं एवं यूथ रेडक्रॉस के सहयोग से नुक्कड़ नाटक और वीडियो के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। चेन सिस्टम के जरिए प्रत्येक व्यक्ति को दो अन्य लोगों को जोड़ने की रणनीति बनाई गई है। इस अभियान के संचालन हेतु सुनील सोनथालिया की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है, जबकि डॉ. राजीव अवस्थी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
बैठक में जिला समन्वयक सौरभ सक्सेना द्वारा पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया, जिस पर चर्चा उपरांत विभिन्न प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। सदस्यता अभियान के तहत यह निर्णय लिया गया कि प्रबंध समिति के सभी सदस्य 31 जुलाई तक कम से कम 1000 आजीवन सदस्य बनाएंगे।

सामाजिक सरोकारों के तहत आंगनबाड़ी केंद्र इंदिरा नगर एवं सेंट्रल जेल के मुक्तांगन में अध्ययनरत बच्चों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। गर्मी को देखते हुए पुराना बस स्टैंड चौक में प्याऊ घर संचालित करने का भी निर्णय लिया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए जिला चिकित्सालय को 25 गद्दे, सिम्स अस्पताल को 10 व्हीलचेयर, एसएनसीयू में फ्लोर मैट तथा सेंट्रल जेल चिकित्सालय को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।
बैठक में रेडक्रॉस की सचिव डॉ. श्रीमती शोभा गरेवाल ने आभार व्यक्त किया। बैठक में रेडक्रॉस के पदाधिकारी एवं प्रबंध समिति के सदस्य उपस्थित थे।
प्रधान संपादक


