Explore

Search

March 24, 2026 3:21 pm

तेज रफ्तार कार सड़क से उतरकर पलटी, एक की मौत, दो गंभीर

बिलासपुर। पचपेड़ी क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम जलसो के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर पलट गई। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।



पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम जलसो निवासी शिवकुमार लहरे किसान हैं। उनके बेटे बजरंग कुछ दिन पहले एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे, जिनका इलाज बिलासपुर में चल रहा था। सोमवार को इलाज के बाद बजरंग को घर वापस लाने के लिए देवेंद्र और वीरेंद्र कार से बिलासपुर से जलसो लौट रहे थे। कार में घायल बजरंग भी सवार था। बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी कार गांव के पास महादेवा तालाब के करीब पहुंची, सामने अचानक एक स्कूटी सवार आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे में कार चला रहे देवेंद्र और बजरंग को गंभीर चोटें आईं, जबकि वीरेंद्र भी घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने देवेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बजरंग की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भेज दिया गया है। जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS