बिलासपुर। सकरी क्षेत्र स्थित संबलपुर ओवरब्रिज पर देर रात बीच सड़क पर शराब पीकर जन्मदिन मनाना चार युवाओं को भारी पड़ गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती समेत चारों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उनकी कार जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार देर रात करीब 12 बजे सूचना मिली कि कुछ युवक-युवती संबलपुर ओवरब्रिज पर सड़क के बीच कार खड़ी कर केक काट रहे हैं और शराब का सेवन कर रहे हैं। इससे यातायात बाधित हो रहा है और हादसे की आशंका बनी हुई है। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने देखा कि काले रंग की कार सड़क पर खड़ी है और उसके पास तीन युवक और एक युवती केक काट रहे हैं। पुलिस ने तत्काल चारों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान कोरबा जिले के गोकुल नगर निवासी निहाल सांडिल्य (22), अतुल वर्मा (21), नेहरू नगर निवासी प्रियांशु चौरासिया (19) और राजकिशोर नगर निवासी 19 वर्षीय युवती के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान युवकों ने बताया कि वे निहाल सांडिल्य का जन्मदिन मनाने के लिए वहां पहुंचे थे। जांच के दौरान चारों शराब के नशे में पाए गए। पुलिस ने मौके पर खड़ी कार को भी जब्त कर लिया। सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 285, 3(5) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। सभी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
सड़क पर जश्न मनाने वालों पर सख्ती
इधर, सड़क पर इस तरह जन्मदिन या अन्य कार्यक्रम मनाकर यातायात बाधित करने वालों पर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। उच्च न्यायालय द्वारा भी इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद से पुलिस को जैसे ही इस प्रकार की शिकायत मिलती है, तत्काल कार्रवाई की जा रही है। सीएसपी निमितेष सिंह ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर अवरोध उत्पन्न करने, शराब पीकर हुड़दंग करने या सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
प्रधान संपादक


