बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर चालक की जान चली गई, जबकि ट्राली में सवार दो श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार ट्रैक्टर चिल्हाटी स्थित दर्री तालाब के पास अनियंत्रित होकर सीधे तालाब में जा गिरा। ट्रैक्टर पलटने से चालक इंजन के नीचे दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार पचपेड़ी क्षेत्र के लोहर्सी निवासी मंसाराम तिवारी उर्फ चौटाला (30) ड्राइवर थे। मंगलवार को वे ईंट लेकर ग्राम सेमराडीह गए थे। ईंट खाली करने के बाद वे रात करीब 8.30 बजे ट्रैक्टर-ट्राली से गांव लौट रहे थे। चिल्हाटी गांव के पास दर्री तालाब के किनारे पहुंचते ही ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन तेज रफ्तार में था और सड़क से उतरते ही गहरे तालाब में जा गिरा। हादसे में ट्रैक्टर का इंजन और ट्राली पलट गए। इंजन पर बैठे चालक मंसाराम तिवारी इंजन के नीचे दब गए। वहीं ट्राली में सवार श्रमिक बाबूलाल गोंड (38) और विनय कुमार गोंड (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पचपेड़ी पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। चालक को इंजन के नीचे से निकालने के लिए जेसीबी की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को चीरघर में रखवाया है। बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि दर्री तालाब सड़क से सटा हुआ है और सड़क से हल्का सा भी वाहन उतरने पर सीधे गहरे पानी में गिरने का खतरा रहता है। यहां न तो पर्याप्त रोशनी है और न ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। कई बार प्रशासन से सड़क चौड़ीकरण, सुरक्षा बैरियर और प्रकाश व्यवस्था की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायलों के बयान के बाद हादसे के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
प्रधान संपादक


