Explore

Search

February 2, 2026 4:37 pm

केंद्रीय बजट 2026-27 विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक दस्तावेज: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट भारत के विकसित और आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि कर्तव्य भवन में प्रस्तुत यह पहला बजट देश के समग्र विकास और प्रत्येक नागरिक के कल्याण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट में आर्थिक विकास एवं रोजगार सृजन, जन अपेक्षाओं की पूर्ति और ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना को केंद्र में रखा गया है। यह बजट गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं, मध्यम वर्ग और श्रमिकों के हितों को मजबूत करने वाला है, जिसका सीधा लाभ छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि बजट में किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए कई अहम प्रावधान किए गए हैं। कृषि उत्पादकता बढ़ाने के लिए एआई और आधुनिक तकनीकों के उपयोग, पशुपालन एवं डेयरी उद्योग को प्रोत्साहन देने तथा महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के तहत स्थानीय उद्योग और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने की योजना शामिल है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में युवाओं के लिए रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया गया है। स्टार्टअप, एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग और पर्यटन क्षेत्रों में नए अवसर विकसित होंगे। पर्यटन को प्रोत्साहन मिलने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार प्राप्त होगा। साथ ही विदेश यात्रा और विदेशों में उच्च शिक्षा पहले की तुलना में सस्ती होगी।

स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर मुख्यमंत्री ने बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे कैंसर, डायबिटीज सहित गंभीर बीमारियों की दवाइयां सस्ती होंगी। जिला अस्पतालों के उन्नयन, हर जिले में इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर की स्थापना, मानसिक स्वास्थ्य और आयुष चिकित्सा को बढ़ावा देने तथा मेडिकल टूरिज्म के लिए पांच रीजनल हब की स्थापना से स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर बेहतर होगा।

उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के विस्तार के तहत महिलाओं को क्रेडिट-लिंक्ड स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक जिले में बालिकाओं के लिए छात्रावास निर्माण की घोषणा से उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।

देश की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के लिए बजट में 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, 20 नए जलमार्ग, बड़े टेक्सटाइल पार्क और चार राज्यों में खनिज कॉरिडोर की घोषणा की गई है। सेमीकंडक्टर मिशन के लिए 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश से औद्योगिक विकास और रोजगार को नई गति मिलेगी। वहीं खेलो इंडिया मिशन और शिक्षा क्षेत्र में सुधारों से युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयकर प्रक्रिया को सरल बनाया गया है और छोटे करदाताओं को राहत दी गई है। दवाइयां, कपड़े, जूते, मोबाइल, ईवी बैटरी, सोलर उपकरण और बायोगैस-सीएनजी सहित कई रोजमर्रा की वस्तुएं सस्ती होंगी, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ की भावना को और मजबूत करता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का इस जनकल्याणकारी बजट के लिए आभार व्यक्त किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS