Explore

Search

February 2, 2026 4:29 pm

रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन सट्टेबाजी में पिता-पुत्र समेत तीन गिरफ्तार

रायगढ़, 1 फरवरी।रायगढ़ जिले में अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के विरुद्ध पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए चक्रधरनगर और जूटमिल थाना क्षेत्र से पिता-पुत्र समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग दो कार्रवाइयों में पुलिस ने मोबाइल फोन नगद राशि एवं सट्टा से संबंधित सामग्री जब्त की है। तीनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की बिक्री के साथ-साथ अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई गई है। इसी क्रम में थाना जूटमिल चक्रधरनगर एवं साइबर थाना की संयुक्त टीमों ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की।

व्हाट्सएप के जरिए चल रहा था ऑनलाइन सट्टा

थाना चक्रधरनगर एवं साइबर थाना की टीम ने सिंधी कॉलोनी स्थित पक्की खोली में दबिश देकर सुरेश माखिजा (65) और उसके पुत्र गिरीश माखिजा (34) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे मोबाइल फोन के माध्यम से व्हाट्सएप पर सट्टा खिलाते थे। सट्टा खेलने वालों से अंकों की जानकारी ली जाती थी और दांव की राशि यूपीआई के जरिए बैंक खातों में मंगवाई जाती थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वीवो कंपनी के दो 5जी मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी व्हाट्सएप चैट एवं फोटो गैलरी में सट्टा पट्टी से संबंधित साक्ष्य पाए गए हैं। दोनों आरोपी वार्ड क्रमांक 22, पक्की खोली सिंधी कॉलोनी, थाना चक्रधरनगर के निवासी हैं। इनके विरुद्ध धारा 06(क), 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस द्वारा बैंक ट्रांजेक्शन की जांच की जा रही है।

जूटमिल थाना क्षेत्र में एक आरोपी रंगे हाथ पकड़ा गया

इधर थाना जूटमिल पुलिस ने राजीव गांधी नगर में छापेमारी कर प्रमोद वारे (26) को सट्टा पट्टी लिखते हुए रंगे हाथ पकड़ा। आरोपी के पास से सट्टा पट्टी लिखे कागज, पोको कंपनी का मोबाइल फोन, नगद 3,580 रुपये एवं एक डॉट पेन जब्त किया गया। मोबाइल के माध्यम से व्हाट्सएप पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने की पुष्टि हुई है। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 33/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

एसएसपी का संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS