Explore

Search

October 13, 2026 10:19 pm

हिंदी विश्वविद्यालय की डॉ. विजया सिंह जापान में पढ़ाएंगी हिंदी भाषा और साहित्य

ओसाका विश्वविद्यालय में दो वर्ष के लिए एसोसिएट प्रोफेसर (विशेष नियुक्ति) के पद पर हुआ चयन

CBN36 वर्धा, 12 अक्टूबर। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के क्षेत्रीय केंद्र प्रयागराज के भाषाविज्ञान विभाग में सहायक आचार्य के पद पर कार्यरत डॉ. विजया सिंह का जापान के प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ ओसाका में दो वर्ष के लिए एसोसिएट प्रोफेसर (विशेष नियुक्ति) के पद पर चयन हुआ है। इस दौरान वह वहां हिंदी भाषा एवं साहित्य के साथ भारतीय संस्कृति का अध्यापन करेंगी। उनकी इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताया जा रहा है।

डॉ. विजया सिंह के चयन पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसे विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात बताते हुए डॉ. सिंह के उज्ज्वल भविष्य और सफल कार्यकाल की कामना की।

विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र प्रयागराज के अकादमिक निदेशक प्रो. अखिलेश कुमार दुबे ने भी डॉ. सिंह को बधाई देते हुए कहा कि यह नियुक्ति हिंदी भाषा और भारतीय संस्कृति के वैश्विक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं, जनसंचार विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अख्तर आलम ने विश्वास जताया कि डॉ. सिंह अपने अनुभव और शैक्षणिक दक्षता से जापान में हिंदी भाषा एवं साहित्य के अध्यापन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी।

डॉ. सिंह की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों और अकादमिक समुदाय ने प्रसन्नता व्यक्त की है। डॉ. अवंतिका शुक्ला, डॉ. सुप्रिया पाठक, डॉ. आशा मिश्रा, डॉ. हरप्रीत कौर, डॉ. मिथिलेश कुमार तिवारी, डॉ. यशार्थ मंजुल, डॉ. सुरभि विप्लव, डॉ. अश्विनी कुमार सिंह और डॉ. चंद्र मणि ने भी उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह की नियुक्ति से जापान में हिंदी भाषा के अध्ययन-अध्यापन को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही, भारतीय साहित्य और सांस्कृतिक परंपराओं को समझने के नए अवसर भी सृजित होंगे।

डॉ. विजया सिंह ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से एम.फिल. और पीएच.डी. की उपाधियां प्राप्त की हैं। उन्होंने ‘नव मीडिया की भाषा : विशेष संदर्भ फेसबुक और ट्विटर की हिंदी’ विषय पर पीएच.डी. की है। उनकी शैक्षणिक उपलब्धि से विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र प्रयागराज में हर्ष का माहौल है। विश्वविद्यालय परिवार ने उनके आगामी दायित्वों के सफल निर्वहन की कामना की है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS