Explore

Search

August 18, 2026 10:04 pm

माय भारत से जुड़ेंगे छत्तीसगढ़ के युवा, बस्तर के युवाओं को मिलेंगे नए अवसर

मुख्यमंत्री साय ने कहायुवाओं की ऊर्जा और रचनात्मकता से बनेगा विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़

माय भारत की समीक्षा बैठक में सीएम ने ग्राम से राज्य स्तर तक मजबूत युवा नेटवर्क बनाने के दिए निर्देश

देशभर में 2.65 करोड़ से अधिक युवा जुड़े, छत्तीसगढ़ में 6.60 लाख से ज्यादा पंजीकृत

CBN36 रायपुर, 18 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार की क्षमता विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की बड़ी ताकत है। युवाओं को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप अवसर देकर राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने माय भारत की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को इससे जोड़ने और विभिन्न विभागों की गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

युवाओं को हर क्षेत्र में मिलें अवसर

सीएम साय ने स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा, खेल, पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन, कौशल विकास, कृषि, तकनीकी शिक्षा, आपदा प्रबंधन और सामाजिक कल्याण जैसे क्षेत्रों में युवाओं की भूमिका बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि माय भारत के माध्यम से युवाओं को सेवा, नेतृत्व और अनुभव के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

उन्होंने ‘सशक्त युवा-सशक्त छत्तीसगढ़’ की भावना के अनुरूप ग्राम से राज्य स्तर तक मजबूत युवा नेटवर्क विकसित करने के निर्देश दिए। डिजिटल डिटॉक्स, सेवा भाव, सामाजिक जुड़ाव और सामुदायिक उत्तरदायित्व से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा देने को कहा।

माय भारत से जुड़े 2.65 करोड़ से अधिक युवा

बैठक में बताया गया कि ‘मेरा युवा भारत’ युवाओं को सरकार, समाज और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों से जोड़ने वाला डिजिटल और भौतिक मंच है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 31 अक्टूबर 2023 को इसका शुभारंभ किया था। वर्तमान में देशभर में 2.65 करोड़ से अधिक युवा माय भारत प्लेटफॉर्म पर पंजीकृत हैं। छत्तीसगढ़ में भी 6.60 लाख से अधिक युवा इससे जुड़ चुके हैं।

माय भारत को युवाओं और सरकार के बीच सिंगल विंडो डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां स्वयंसेवा, अनुभव आधारित शिक्षण, कौशल विकास और नेतृत्व से जुड़े अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराई जाती है।

ईएलपी से युवाओं को मिल रहा व्यावहारिक अनुभव

बैठक में बताया गया कि देशभर में 24,900 से अधिक एक्सपीरियेंशियल लर्निंग प्रोग्राम (ईएलपी) के जरिए 1.21 लाख युवाओं को शासन की विभिन्न गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिला है। छत्तीसगढ़ में 233 ईएलपी के माध्यम से 2,389 से अधिक युवा जुड़े हैं।

वहीं, देशभर में 1.53 लाख से अधिक स्वयंसेवा अवसरों के जरिए 10 लाख से ज्यादा युवाओं को सेवा गतिविधियों से जोड़ा गया है। छत्तीसगढ़ में 5,778 वालंटियर अवसरों में 23,900 से अधिक युवाओं ने भाग लिया। केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाले क्विज मॉड्यूल से देशभर में 65 लाख से अधिक युवा जुड़े हैं।

बस्तर के युवाओं पर विशेष फोकस

मुख्यमंत्री साय ने बस्तर के युवाओं को माय भारत की गतिविधियों से व्यापक स्तर पर जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस्तर अब हिंसा और भय के दौर से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में वहां के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि बस्तर के युवाओं की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने और नेतृत्व करने के अवसर दिए जाएं। बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यक्रमों ने युवाओं को खेल, कला और संस्कृति में प्रतिभा दिखाने का मंच दिया है।

विकसित छत्तीसगढ़ यंग लीडर्स डायलॉग की तैयारी

बैठक में ‘विकसित छत्तीसगढ़ यंग लीडर्स डायलॉग’ आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। इसके जरिए खेल, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, समाज कल्याण, नगरीय प्रशासन, आपदा प्रबंधन, पर्यटन और कृषि जैसे क्षेत्रों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ को युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने की महत्वपूर्ण पहल बताया। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025 में इसमें 30 लाख से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

कई अभियानों से युवाओं को जोड़ने की तैयारी

बैठक में विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट, विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम, विकसित भारत युवा कनेक्ट, यूथ आइकन, विकसित भारत पदयात्रा, सरदार@150 पदयात्रा और ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ जैसी गतिविधियों की जानकारी दी गई।

बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक तनुजा सलाम, माय भारत की सीईओ डॉ. प्रियंका शुक्ला, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल समेत राज्य और जिला स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान माय भारत की वालंटियर अदिति ने ट्राइबल आर्ट का छायाचित्र मुख्यमंत्री को भेंट किया। मुख्यमंत्री ने उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS