Explore

Search

August 18, 2026 5:29 pm

जनदर्शन में उमड़ी फरियादियों की भीड़, कलेक्टर ने मौके पर दिए कार्रवाई के निर्देश

CBN36 बिलासपुर, 18 अगस्त। जिला कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में लोगों ने अपनी समस्याएं कलेक्टर संजय अग्रवाल के सामने रखीं। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने निजी से लेकर सामुदायिक समस्याओं से जुड़े आवेदन सौंपे। कलेक्टर ने आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनदर्शन में रतनपुर में पर्यटक सहयोग केंद्र खोलने की मांग भी उठी। रत्नदेव साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष ने बताया कि रतनपुर तालाबों और मंदिरों की नगरी के रूप में प्रसिद्ध है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। पर्यटकों की सुविधा के लिए पर्यटन सहयोग केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव समिति ने रखा और इसके लिए निशुल्क सहयोग देने की बात कही।

स्कूल सफाई कर्मियों के मानदेय का मामला भी पहुंचा। छत्तीसगढ़ स्कूल सफाई कर्मचारी कल्याण संघ के जिला अध्यक्ष विद्यानंद निर्मलकर ने समय पर मानदेय नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि भुगतान में देरी से जिलेभर में कार्यरत सफाई कर्मियों को आर्थिक परेशानी उठानी पड़ रही है।

निजी जमीन पर ट्रांसफार्मर और बिजली तार का विरोध करते हुए बेलतरा निवासी राजकुमार जायसवाल ने आवेदन दिया। उनका कहना है कि उनकी निजी भूमि पर सीएसपीडीसीएल ने ट्रांसफार्मर का खंभा लगा दिया है और विद्युत प्रवाहित तार भी गुजारा गया है।

वहीं बैमा में नाले पर कब्जे की शिकायत लेकर पंचायत सचिव, सरपंच और ग्रामीण कलेक्टर के पास पहुंचे। ग्रामीणों ने गुन्डी नाला में अशोक साहू द्वारा मिट्टी डालकर कथित रूप से नाला बंद करने और बस्ती का पानी निकासी मार्ग बाधित करने की शिकायत की। उन्होंने अवैध कब्जा हटाने की मांग की।

दो साल से चौकीदार को नहीं मिला भुगतान

तखतपुर के लिदरी निवासी शिवशंकर सप्रे ने कृष्ण कुंज गार्डन में चौकीदार के रूप में दो साल काम करने के बावजूद भुगतान नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने कलेक्टर से बकाया राशि दिलाने की मांग की।

क्षतिग्रस्त नहर को पक्का कराने की मांग

रतनपुर क्षेत्र के ग्राम लालपुर के ग्रामीणों ने चांपी जलाशय चपोरा से लालपुर तक की नहर को पक्का कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि नहर क्षतिग्रस्त होने के कारण पानी गांव तक पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच रहा है। टूटी नहर से पानी व्यर्थ बह रहा है।

जनदर्शन में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे और अपर कलेक्टर ज्योति पटेल ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं। कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS