Explore

Search

August 18, 2026 4:55 pm

शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और राष्ट्रप्रेम की अलख जगा रहा श्री सर्वेश्वरी समूह

CBN36 बिलासपुर। परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी एवं परम पूज्य गुरुपद संभव राम जी की पावन प्रेरणा से श्री सर्वेश्वरी समूह, शाखा बिलासपुर द्वारा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न सेवा एवं जनजागरण कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। समूह द्वारा ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण तथा बच्चों में देशभक्ति और संस्कारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित की गईं।

ग्रामीण बच्चों को बांटी स्कूल बैग किट, शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश

ग्रामीण अंचल के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शासकीय प्राथमिक शाला खैरझिटी, विकासखंड पथरिया में सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय के 70 बच्चों को निःशुल्क स्कूल बैग किट वितरित की गई। किट में स्कूल बैग, कॉपी, ऑल-इन-वन पुस्तक, पेंसिल बॉक्स, पेन, इरेजर एवं शार्पनर सहित आवश्यक शैक्षणिक सामग्री शामिल थी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष चित्रलेखा जांगड़े ने परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी एवं परम पूज्य गुरुपद संभव राम जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण, धूप-दीप प्रज्वलन, पूजन एवं आरती के साथ किया। नई शैक्षणिक सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों, अतिथियों एवं स्कूली बच्चों ने विद्यालय परिसर में संयुक्त रूप से पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उपस्थित अतिथियों ने शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्री सर्वेश्वरी समूह के सेवा कार्यों की सराहना की।

इस अवसर पर युवा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता महेश पटेल, खैरझिटी उपसरपंच मिथुन मरकाम, सेमरचुवा सरपंच टेकलाल, शिक्षक सी.पी. पाण्डेय, सुमन यादव, शेखर नेताम, अर्जुन यादव एवं नेमसिंग साहू सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।

वनांचल में बैगा परिवारों को 150 मच्छरदानियां वितरित

इसी क्रम में ग्राम कूरदर, विकासखंड कोटा के वनांचल क्षेत्र में बैगा जनजातीय समुदाय को मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित मौसमी बीमारियों से बचाने के उद्देश्य से विशेष जनसेवा अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जरूरतमंद बैगा परिवारों को 150 निःशुल्क मच्छरदानियां वितरित की गईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी एवं परम पूज्य गुरुपद संभव राम जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण, धूप-दीप प्रज्वलन, पूजन एवं आरती के साथ हुआ। इसके बाद ग्रामीणों को मलेरिया सहित मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर कोटा की विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक (BPM) श्वेता सिंह, ग्राम सचिव पदुम सिंह यादव, बेलगहना ग्रामीण चिकित्सा सहायक स्वर्ण प्रकाश वर्मा, अंजोर सिंह मारकाम, अंजू उइके, कविता सहित कूरदर ग्राम की मितानिन दीदियां उपस्थित रहीं। स्वास्थ्य एवं स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधियों ने समूह की इस सामाजिक एवं स्वास्थ्यपरक पहल की सराहना की।

वनांचल क्षेत्रों में लगातार किए जा रहे जनसेवा कार्यों के लिए स्थानीय बैगा समुदाय ने श्री सर्वेश्वरी समूह के प्रति आभार व्यक्त किया।

बिशेषरा स्कूल में 62 बच्चों को स्कूल बैग किट, ‘न्योता भोजन’ का भी आयोजन

ग्रामीण बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने एवं उन्हें पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शासकीय प्राथमिक शाला बिशेषरा में भी स्कूल बैग एवं पठन सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सर्वेश्वरी समूह, ग्राम सेंदरी कोनी बिलासपुर एवं शाखा पंडरिया-कवर्धा रोड के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में 62 बच्चों को निःशुल्क स्कूल बैग किट वितरित की गई।

बच्चों को स्कूल बैग, ‘ऑल इन वन’ पुस्तक, कॉपियां एवं कंपास बॉक्स सहित आवश्यक पठन सामग्री प्रदान की गई। पंडरिया आश्रम की ओर से सभी स्कूली बच्चों के लिए ‘न्योता भोजन’ का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में बिलासपुर आश्रम के मंत्री उमेश नारायण मिश्रा, जे.एस. चौहान, एडवोकेट भूपेन्द्र सिंह, हिमांशु तिवारी, संजय मालगे, संजय सराफ, अभिजीत तिवारी, भगवान दास लाहोरानी तथा आश्रम निवासी सोम, प्रीतम एवं अनुराग उपस्थित रहे।

शिक्षा विभाग एवं प्रशासन की ओर से पंडरिया विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपक कुमार ठाकुर, संकुल समन्वयक कन्हैया लाल चंद्राकार, संजू कुमार सोनी एवं हाई स्कूल पाढ़ी के व्याख्याता गया राम सिंगरौल उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से प्रधान पाठिका बीना धावलकर, शिक्षिका सुभाषनी चंद्रवंशी, नसेमुद्दीन खान, अशोक कुमार धावलकर तथा शाला विकास समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य मौजूद रहे।

समापन अवसर पर अतिथियों एवं सर्वेश्वरी समूह के सदस्यों ने बच्चों को लगन एवं निष्ठा से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, देशभक्ति का दिया संदेश

श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा बिलासपुर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। समारोह का शुभारंभ आश्रमवासी अमन पटेल द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाकर देश के वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।

ध्वजारोहण के बाद बच्चों के लिए खो-खो प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके साथ ही नन्हे बच्चों ने नृत्य, राष्ट्रगीत, व्यक्तिगत गीत, गुरुवंदना एवं भाषण प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में सहभागी बच्चों को सम्मानित करते हुए कॉपी-पेन प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। बच्चों को देशप्रेम, संस्कार, अनुशासन एवं राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

सेवा, संस्कार और सामाजिक सरोकारों को समर्पित पहल

श्री सर्वेश्वरी समूह द्वारा आयोजित इन विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा, संस्कार एवं राष्ट्रप्रेम को एक साथ बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। समूह के मंत्री उमेश नारायण मिश्रा, जे.एस. चौहान, हिमांशु तिवारी, संजय मालगे, भगवान दास लाहोरानी, अभिजीत तिवारी, दिलीप कौशिक सहित युवा संगठन के कार्यकर्ताओं एवं सदस्यों का विभिन्न कार्यक्रमों को सफल बनाने में विशेष योगदान रहा।

समूह की इन सेवा गतिविधियों से ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के बच्चों, जरूरतमंद परिवारों तथा स्थानीय समुदाय को प्रत्यक्ष लाभ मिला। शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ संस्कार, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश देने वाली ये पहल समाज के प्रति सेवा एवं जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने वाली साबित हुई।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS