Explore

Search

August 18, 2026 4:47 pm

2125 पौधों का रोपण व निशुल्क वितरण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

CBN36 बिलासपुर। पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली संवर्धन के उद्देश्य से श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा सेंदरी-कोनी द्वारा वृहद पौधरोपण अभियान चलाया गया। बाबा भगवान राम ट्रस्ट, श्री सर्वेश्वरी समूह एवं अघोर परिषद ट्रस्ट के अध्यक्ष पूज्यपाद अघोरेश्वर बाबा गुरुपद संभव राम जी के निर्देशन एवं सद्प्रेरणा से आयोजित इस अभियान का उद्देश्य आमजन को पौधरोपण से जोड़ना और पौधों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।

अभियान के तहत समूह के सदस्यों, सर्वेश्वरी युवा संगठन, सैनिकों एवं सेवकों ने बिलासपुर शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण किया। शासकीय प्राथमिक शाला खैराझिटी, शासकीय माध्यमिक शाला उर्तुम, अलगीडांड पाली, रैंकी हरदीबाजार, डीएवी स्कूल देवरीखुर्द, झलमला, सीपत, डीएमएसयू प्लांट कछार एवं आयुष विभाग सहित कई स्थानों पर पौधे लगाए गए।

वहीं बरेला, रानीगांव, परसदा, तिफरा, निरतू, भरवीडीह, रतनपुर, सरकंडा, मोपका, कोनी, सेंदरी, रमतला, बिरकोना, बहतराई, तुरकाडीह, पिपरा, लोफंदी, लोखंडी, सेमरताल, सिंघरी, अमतरा, खैरा, बेलतरा, बगदेवा एवं सील्ली सहित अनेक क्षेत्रों के ग्रामीणों और आम नागरिकों को 1865 पौधे निशुल्क वितरित किए गए।

इसके अलावा बिलासपुर आश्रम परिसर में 119, पंडरिया आश्रम परिसर में 126 तथा शासकीय प्राथमिक शाला खैराझिटी में 15 पौधे लगाए गए। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 2125 पौधों का रोपण एवं निशुल्क वितरण किया गया। अभियान में पपीता, सीताफल, बिही, आंवला, करंज, अनार, आम, नीम, बादाम, खम्हार और कटहल सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार प्रजातियों के पौधे शामिल रहे।

श्री सर्वेश्वरी समूह का यह अभियान संस्था के 19 सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत पर्यावरण संतुलन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। संस्था का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि लोगों में वृक्ष संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित एवं संतुलित पर्यावरण मिल सके।

श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा के मंत्री उमेश नारायण मिश्रा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना तभी सार्थक है, जब उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष के रूप में विकसित किया जाए।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS