Explore

Search

August 8, 2026 11:57 pm

डीएफओ के बाद अब कलेक्टरों की बारी, 15 अगस्त के आसपास आएगी सूची!

आधा दर्जन से ज्यादा जिलों में बदलाव की चर्चा, बस्तर से बिलासपुर तक प्रशासनिक फेरबदल के संकेत

CBN36 रायपुर। प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर एक और बड़ी हलचल की तैयारी है। वन विभाग में आईएफएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी होने के बाद अब कलेक्टरों की बहुप्रतीक्षित ट्रांसफर लिस्ट पर सबकी निगाहें टिक गई हैं। प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि सरकार स्वतंत्रता दिवस के आसपास कलेक्टरों के तबादले की सूची जारी कर सकती है। इसमें करीब आधा दर्जन जिलों के कलेक्टरों को बदले जाने के संकेत मिल रहे हैं। इसके साथ ही मंत्रालय में पदस्थ कुछ सचिवों के प्रभार में भी फेरबदल संभव है।

बिलासपुर संभाग में सबसे ज्यादा हलचल

संभावित सूची को लेकर चल रही चर्चाओं में बिलासपुर संभाग सबसे अधिक चर्चा में है। यहां तीन कलेक्टरों के बदले जाने की संभावना बताई जा रही है। वहीं दुर्ग संभाग के दो जिलों में बदलाव की बात सामने आ रही है। बस्तर संभाग से एक, जबकि रायपुर और सरगुजा संभाग से भी एक-एक कलेक्टर के तबादले के संकेत हैं। हालांकि सरकार की ओर से अभी किसी नाम या जिले को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

लंबे इंतजार के बाद अब कभी भी आदेश

कलेक्टरों की तबादला सूची को लेकर काफी समय से अटकलों का दौर चल रहा है। कई जिलों में प्रशासनिक बदलाव की चर्चाएं लगातार अधिकारियों के बीच बनी हुई हैं। यही वजह है कि संभावित ट्रांसफर को लेकर अब सरकारी कामकाज पर भी असर पड़ने की चर्चा है। अधिकारी भी अगली पोस्टिंग को लेकर असमंजस में बताए जा रहे हैं।

सचिवों के प्रभार में भी बदलाव संभव

कलेक्टरों की सूची के साथ मंत्रालय स्तर पर भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। कुछ सचिवों के विभाग और प्रभार बदले जा सकते हैं। सरकार प्रशासनिक टीम में फेरबदल कर नई जिम्मेदारियां सौंप सकती है। ऐसे में आने वाली सूची को केवल जिलों के कलेक्टरों तक सीमित नहीं माना जा रहा है।

आईएफएस सूची के बाद बढ़ी उम्मीद

वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से करीब डेढ़ दर्जन आईएफएस अधिकारियों के तबादले किए जाने के बाद आईएएस अधिकारियों की सूची को लेकर उम्मीद और बढ़ गई है। प्रशासनिक हलकों में माना जा रहा है कि सरकार अब कलेक्टरों की पोस्टिंग में भी बदलाव को ज्यादा लंबा नहीं खींचेगी।

फिलहाल सबसे ज्यादा नजर 15 अगस्त के आसपास संभावित आदेश पर है। सूची जारी होने के बाद ही साफ होगा कि किन जिलों में नए कलेक्टर भेजे जाते हैं और मंत्रालय में किन अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली जाती हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS