एक्सप्रेस-वे रोड पर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे थे आरोपी, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
CBN36 रायपुर। राजधानी रायपुर में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 200 नग नाइट्रोसन-10 टैबलेट, 70 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1.70 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, सात अगस्त को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र के एक्सप्रेस-वे रोड पर श्री हरि श्याम जनरल स्टोर्स के पास दो युवक प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बेचने की फिराक में हैं। सूचना के बाद पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस ने मौके से दो संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की। आरोपियों ने अपना नाम चंद्रशेखर परमार और अभिषेक कोसले बताया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से नाइट्रोसन-10 की 200 टैबलेट मिलीं। पुलिस ने दवा रखने और बेचने से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 200 नाइट्रोसन-10 टैबलेट, 70 हजार रुपये नकद और मामले से संबंधित दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। पुलिस ने गंज थाने में अपराध क्रमांक 239/26 दर्ज कर नारकोटिक एक्ट की धारा 22(ग) के तहत कार्रवाई की है।
हत्या के मामले में जेल जा चुका है चंद्रशेखर
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी चंद्रशेखर परमार पहले भी आपराधिक मामले में जेल जा चुका है। वर्ष 2024 में महासमुंद जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के मामले में वह जेल में निरुद्ध रह चुका है।
गिरफ्तार आरोपियो में चंद्रशेखर परमार (27), पिता बाबुलाल परमार, निवासी वार्ड नंबर 15, घोड़ारी, पोस्ट बिरकोनी, थाना महासमुंद, जिला महासमुंद।अभिषेक कोसले (19), पिता स्व. खेमन कोसले, निवासी वार्ड नंबर 14, घोड़ारी, थाना महासमुंद, जिला महासमुंद शामिल है ।
प्रधान संपादक



