Explore

Search

August 8, 2026 11:13 pm

सात दिन में 1112 वाहनों पर नो-पार्किंग कार्रवाई, 173 गौवंश सुरक्षित स्थानों पर भेजे

यातायात पुलिस का विशेष अभियान जारी, 118 कंडम वाहन भी हटाकर किए जब्त

CBN36 दुर्ग। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के साथ शहर को सुंदर बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग का विशेष अभियान लगातार जारी है। एक अगस्त से चलाए जा रहे अभियान के तहत सात दिनों में नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े 1112 वाहनों पर कार्रवाई की गई। वहीं सड़कों पर विचरण कर रहे 173 गौवंश को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया, जबकि 118 कंडम और अनुपयोगी वाहनों को सड़क से हटाकर जब्त किया गया।

यातायात पुलिस ने यह अभियान नगर निगम दुर्ग, भिलाई, चरोदा और रिसाली, कुम्हारी नगर पालिका तथा बीएसपी प्रबंधन के समन्वय से चलाया है। शहर के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर यातायात बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों को हटाकर यातायात को सुचारु किया गया।

सड़क पर घूम रहे गौवंश को भी हटाया

सड़कों और प्रमुख मार्गों पर विचरण करने वाले गौवंश के कारण हादसों की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए अभियान के दौरान नगर निगमों के सहयोग से 173 गौवंश को सड़कों से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। इसके अलावा हाईवे पेट्रोलिंग टीम भी लगातार सड़कों से गौवंश को हटाने का काम कर रही है।

कंडम वाहनों और अतिक्रमण पर भी कार्रवाई

शहर की सड़कों, सर्विस रोड और सार्वजनिक स्थानों पर लंबे समय से खड़े कंडम एवं अनुपयोगी वाहनों को चिन्हित कर हटाया गया। अभियान में 118 कंडम वाहनों को जब्त किया गया। इसके साथ ही सड़क और सर्विस रोड पर अवैध रूप से कब्जा कर व्यापार करने वाले ठेले, गुमटी और अस्थायी दुकानों को भी हटाया जा रहा है।

यातायात पुलिस वाहन चालकों और दुकानदारों को समझाइश भी दे रही है कि सड़क पर वाहन खड़ा न करें और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाली कोई सामग्री सड़क पर न रखें। संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सड़क और सर्विस रोड आम नागरिकों के आवागमन के लिए उपलब्ध रहें।

चालानी कार्रवाई तक सीमित नहीं अभियान

यातायात पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं है। सड़कों से अतिक्रमण, कंडम वाहन और गौवंश हटाने से सड़क की उपयोगी चौड़ाई बढ़ती है और वाहन चालकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन मिलता है। शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील

यातायात पुलिस दुर्ग ने नागरिकों से शहर को सुंदर, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के अभियान में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन नहीं खड़ा करने और सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित नहीं करने की अपील की है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS