Explore

Search

October 16, 2026 10:56 pm

ढाबे में छूटा छात्र का मोबाइल, सीसीटीवी फुटेज मांगने पर संचालक ने की पिटाई

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के एक ढाबे में मोबाइल गुम होने के बाद सीसीटीवी फुटेज मांगने पहुंचे विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है। घायल छात्र की शिकायत पर सकरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में बीएससी के छात्र संकेत कुमार जायसवाल अपने दोस्तों संदीप यादव, आर्यन दुबे और अन्य साथियों के साथ सोमवार रात सकरी स्थित ड्राइवर पॉइंट ढाबे में खाना खाने गए थे। भोजन करने के बाद सभी लौट आए, लेकिन आर्यन दुबे का मोबाइल ढाबे में ही छूट गया।

संकेत, संदीप और आर्यन मोबाइल की जानकारी लेने ढाबे पहुंचे। उन्होंने संचालक से मोबाइल के संबंध में पूछताछ करते हुए सीसीटीवी फुटेज दिखाने का अनुरोध किया। आरोप है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया और ढाबा संचालक व कर्मचारियों ने छात्रों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी।

मारपीट में संकेत और उसके साथियों को चोटें आईं, जबकि संदीप यादव का मोबाइल भी टूट गया। घटना के बाद घायल छात्रों ने सकरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

सकरी पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS