Explore

Search

July 15, 2026 9:31 pm

बिलासपुर के 20 शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान, व्याख्याता जय कौशिक भी हुए सम्मानित

बिलासपुर। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले बिलासपुर जिले के 20 शिक्षकों को स्व. हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया है। इनमें सेजेस तिफरा के व्याख्याता जय कौशिक भी शामिल हैं। उन्हें उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्यों के लिए आगामी 5 सितंबर को राज्यपाल शिक्षक सम्मान से भी सम्मानित किया जाएगा।

राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत की ओर से 15 जुलाई को रायपुर के शांतिनगर स्थित वीमतारा में आयोजित समारोह में देशभर के चयनित शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम स्व. हरिवंश मिश्र की पुण्य स्मृति को समर्पित था। मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार डॉ. हिमांशु द्विवेदी रहे, जबकि अध्यक्षता एनआर स्टील रायगढ़ के संस्थापक एवं शिक्षाविद् संजय अग्रवाल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. चितरंजन कर और संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पूर्णानंद मिश्रा मौजूद रहे।

संस्था के अनुसार, देशभर से करीब 700 आवेदन प्राप्त हुए थे। राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों के उच्चस्तरीय पैनल ने निर्धारित मानकों के आधार पर मूल्यांकन और भौतिक सत्यापन के बाद 250 शिक्षकों का राष्ट्रीय सम्मान के लिए चयन किया। इनमें बिलासपुर जिले से सर्वाधिक 20 शिक्षकों का चयन हुआ।

संस्था ने बताया कि यह सम्मान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचारी शिक्षण पद्धतियों, बाल-केंद्रित गतिविधियों, नैतिक मूल्यों के संवर्धन, डिजिटल शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षकों को दिया जाता है।

राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि यह आयोजन देशभर के शिक्षकों को अपने अनुभव और नवाचार साझा करने का मंच प्रदान करता है। उनका कहना था कि जब एक शिक्षक सम्मानित होता है, तो पूरी शिक्षा व्यवस्था, विद्यार्थी और समाज का भविष्य भी गौरवान्वित होता है।

सम्मानित शिक्षक

बिलासपुर जिले से सम्मानित शिक्षकों में जय कौशिक, सुशील कुमार पटेल, बलदाऊ सिंह श्याम, मनोज यादव (रतनपुर), मनोज यादव, योगेश करंजगांवकर, कलेश्वर साहू, तृप्ति यादव, निशा अवस्थी, लक्ष्मी माल्या, राजेश यादव, अनिल शर्मा, संतोषी यादव, आशा उज्जैनी, प्रवीण मिश्रा, रागिनी मिश्रा, विपिन मनहर, मंजू बाला जायसवाल, रंजना शर्मा और संगीता सानन शामिल हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS