Explore

Search

July 15, 2026 7:43 pm

रतनपुर-कोटा मार्ग पर लूटपाट करने वाले चार आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, दो बाइक और नकदी बरामद

बिलासपुर। रतनपुर पुलिस ने रतनपुर-कोटा मार्ग पर राहगीरों से लूटपाट करने वाले चार आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 6,300 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी आदतन अपराधी प्रवृत्ति के हैं और पूर्व में भी लूट की घटनाओं में शामिल रहे हैं।

टीआई नीलेश पांडेय ने बताया भेड़ीमुड़ा निवासी भारत कुमार सूर्यवंशी ने थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने मामा के गांव नेवरा (कोटा) से देर रात घर लौट रहा था। रतनपुर-कोटा मार्ग पर भैंसाझार मोड़ के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार बदमाशों ने उसकी बाइक को लात मारकर गिरा दिया और जेब में रखे 5,000 रुपये लूटकर फरार हो गए।

इसी दौरान खैरा निवासी अरुण कुमार राज भी कोटा से रतनपुर की ओर आ रहा था। आरोपियों ने उसे रोककर गाली-गलौज की और उससे 15,000 रुपये नकद तथा मोबाइल फोन लूट लिया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और उनके निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पीड़ितों द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने पूर्व में लूट के मामले में गिरफ्तार रह चुके राजा सारथी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों शिवप्रसाद यादव, अनवर खान और ओमप्रकाश पोर्ते के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि लूट की रकम आपस में बांट ली थी और उसका कुछ हिस्सा खर्च कर चुके थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 6,300 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त एक यामाहा आर-15 और एक बजाज पल्सर एनएस मोटरसाइकिल बरामद की।

गिरफ्तार आरोपियों में गुलाब नरेश उर्फ राजा सारथी (21) निवासी रतनपुर, शिवप्रसाद यादव (27), अनवर खान (18) और ओमप्रकाश पोर्ते (20), तीनों निवासी कलमीटार, थाना रतनपुर शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उप निरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उप निरीक्षक पवन सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक अनिल सिंह तथा आरक्षक आकाश डोंगरे, धीरज कश्यप और कीर्ति पैकरा की विशेष भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS