Explore

Search

July 12, 2026 7:12 pm

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर रायगढ़ पुलिस का ‘एकता वृक्षारोपण अभियान’ शुरू, एसएसपी ने लगाया पीपल का पौधा

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने जिस राष्ट्रीय एकता का सपना देखा था, उसे साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है,प्रत्येक पौधा केवल पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता और भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश है।”

रायगढ़। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर रायगढ़ पुलिस ने रविवार को ‘एकता वृक्षारोपण अभियान’ की शुरुआत की। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस फायरिंग रेंज उर्दना में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने पीपल का पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। जिले के सभी थाना और चौकियों में भी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से पौधरोपण कर राष्ट्रीय एकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में आयोजित अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, डीएसपी उन्नति ठाकुर, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह, नगर कोतवाल सुखनंदन पटेल सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान नीम, जामुन, सागौन समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। पौधों की सुरक्षा के लिए उनके चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाया गया और परिसर में मवेशियों से संरक्षण के लिए मेड़ भी तैयार की गई।

रक्षित निरीक्षक ने बताया कि पिछले वर्ष लगाए गए पौधे सुरक्षित हैं और अच्छी तरह विकसित हो रहे हैं। इस वर्ष प्रथम चरण में करीब 100 पौधे लगाए गए हैं। कई सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों ने भी अभियान से जुड़कर आगे बड़े स्तर पर पौधरोपण करने की सहमति दी है।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सरदार पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के दौरान रायगढ़ पुलिस विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगी। इनमें एकता दौड़, एकता परेड, व्याख्यान, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता, वाद-विवाद, रक्तदान शिविर, श्रमदान और जनजागरूकता अभियान शामिल हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS