Explore

Search

July 12, 2026 6:10 pm

मछली चोरी की रंजिश में युवक की पीट-पीटकर हत्या, साथी जान बचाकर भागा

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव में शनिवार रात मछली चोरी के पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आधा दर्जन से अधिक लोगों ने एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात में उसका साथी किसी तरह जान बचाकर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय के अनुसार, कर्रा निवासी तीरिथ यादव और श्याम सिंह खुंटाघाट बांध के पास चौकीदारी का काम करते थे। रात करीब नौ बजे दोनों मोटरसाइकिल से कर्रा से खुंटाघाट जा रहे थे। नवागांव के पास सफेद रंग की स्कॉर्पियो में सवार गोलू धीवर, अनीश धीवर समेत करीब आधा दर्जन लोगों ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए।

प्रत्यक्षदर्शी श्याम सिंह ने बताया कि बाइक से गिरते ही हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया। तीरिथ यादव जान बचाने के लिए खेत की ओर भागा, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते हुए वहां पहुंचे और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं श्याम सिंह किसी तरह वहां से भागकर घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ दिन पहले तीरिथ यादव ने गोलू धीवर को मछली चोरी करते हुए पकड़ लिया था और उसका वीडियो मोबाइल में बना लिया था। आरोप है कि इससे नाराज गोलू ने उसका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया था। इस मामले की शिकायत रतनपुर थाने में की गई थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था और मोबाइल बनवाने के लिए एक हजार रुपये भी दिए गए थे, लेकिन विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ।

परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से घात लगाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS