Explore

Search

August 27, 2026 2:30 am

बेकाबू कार का कहर: स्कूटी को मारी टक्कर, फिर स्कूल बस से भिड़ी, 18 वर्षीय युवक की मौत

बिलासपुर। शहर में तेज रफ्तार का कहर लगातार जारी है। रविवार सुबह सिविल लाइन थाना क्षेत्र के वेयरहाउस रोड स्थित संजीवनी अस्पताल के सामने एक तेज रफ्तार कार ने पहले स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर स्कूल की मिनी बस से जा भिड़ी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि बस क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 7:30 बजे तेज रफ्तार कार वेयरहाउस रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार युवक कई फीट दूर जा गिरा। इसके बाद कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से गुजर रही एक स्कूल की मिनी बस से जा टकराई। टक्कर से बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अपोलो अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रुद्र प्रताप शर्मा (18), पिता मुकेश शर्मा, निवासी अभिषेक नगर, मंगला के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के तुरंत बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS