Explore

Search

July 11, 2026 9:08 pm

रायगढ़ में क्राइम मीटिंग: लंबित अपराधों के जल्द निराकरण के निर्देश, एसएसपी बोले- पीड़ितों को समय पर मिले न्याय

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा जनता को समय पर न्याय दिलाना हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। प्रत्येक विवेचना गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और कानून सम्मत हो, यही रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है”

रायगढ़।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम में जिले की मासिक क्राइम मीटिंग लेकर कानून-व्यवस्था, लंबित अपराधों और विवेचनाओं की समीक्षा की। उन्होंने थाना प्रभारियों को हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी, नकबजनी, पॉक्सो और महिला संबंधी अपराधों सहित सभी गंभीर मामलों का समयबद्ध निराकरण करने तथा गुणवत्तापूर्ण विवेचना के बाद शीघ्र चालान न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में रायगढ़, खरसिया और धरमजयगढ़ अनुविभाग के सभी थानों की कार्यप्रगति की समीक्षा की गई। लंबित अपराध, शिकायत, गुमशुदगी और मर्ग प्रकरणों पर थाना प्रभारियों से एक-एक कर जानकारी ली गई। एसएसपी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना है और इसके लिए विवेचना निर्धारित समय-सीमा में पूरी होनी चाहिए।

छह माह का रिपोर्ट कार्ड पेश

क्राइम मीटिंग में वर्ष 2025 की तुलना में वर्ष 2026 के पहले छह माह के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया गया। एसएसपी ने थाना प्रभारियों को अपराधों के निराकरण की गति बढ़ाने, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई तेज करने तथा जुआ, सट्टा, अवैध शराब और अन्य माइनर एक्ट के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

यातायात और बाढ़ प्रबंधन पर जोर

मानसून को देखते हुए एसएसपी ने यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क सुरक्षा के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क क्षति, जलभराव और जाम की समस्या से निपटने के लिए संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बढ़ाने पर बल दिया।

साथ ही महानदी से लगे संवेदनशील क्षेत्रों में संभावित बाढ़ की स्थिति को लेकर थाना प्रभारियों को अलर्ट रहने, कोटवारों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से सतत संपर्क बनाए रखने तथा राहत एवं बचाव की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को दिया प्रशिक्षण

बैठक में जिले के प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को भी शामिल किया गया। एसएसपी ने उन्हें सीसीटीएनएस समेत पुलिस की तकनीकी कार्यप्रणाली में दक्षता विकसित करने के निर्देश दिए। इसके बाद आयोजित कार्यशाला में डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने केस स्टडी के माध्यम से विवेचना के दौरान होने वाली सामान्य त्रुटियों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी दी।

बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी उन्नति ठाकुर, एसडीओपी प्रभात पटेल, एसडीओपी सिद्धांत तिवारी, ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS