Explore

Search

July 8, 2026 5:13 pm

एसईसीएल के निदेशक तकनीकी एन. फ्रैंकलिन जयकुमार एनसीएल के नए सीएमडी पद हेतु अनुशंसित

बिलासपुर, 8 जुलाई। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड एसईसीएल के निदेशक तकनीकी-ऑपरेशंस एन. फ्रैंकलिन जयकुमार को लोक उद्यम चयन बोर्ड PESB ने नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड एनसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक सीएमडी पद के लिए अनुशंसित किया है।

जयकुमार को कोयला एवं लिग्नाइट खनन क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का समृद्ध अनुभव प्राप्त है। उन्होंने फरवरी 2024 में एसईसीएल में निदेशक तकनीकी-परियोजना एवं योजना के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। इसके बाद 1 जनवरी 2025 से वे निदेशक तकनीकी-ऑपरेशंस के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं।

एसईसीएल से पहले वे एनएलसी इंडिया लिमिटेड में कार्यकारी निदेशक कोल कोऑर्डिनेशन एवं तलाबीरा-II तथा III ओपनकास्ट परियोजना के परियोजना प्रमुख रहे। इससे पूर्व उन्होंने एनएलसी इंडिया में विभिन्न महत्वपूर्ण नेतृत्वकारी दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। अपने करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने द सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड एससीसीएल में लगभग 18 वर्षों तक अत्यधिक यंत्रीकृत भूमिगत एवं खुली खदानों के संचालन का अनुभव प्राप्त किया। इसके अलावा उन्होंने इंडोनेशिया में 5 मिलियन टन वार्षिक क्षमता वाली कोयला खदान का पाँच वर्षों तक सफल नेतृत्व कर अंतरराष्ट्रीय खनन प्रबंधन का भी अनुभव अर्जित किया।

जयकुमार ने कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, गिंडी अन्ना विश्वविद्यालय, चेन्नई से खनन अभियांत्रिकी में स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने केंद्रीय विश्वविद्यालय, हैदराबाद से पर्यावरण अभियांत्रिकी एवं प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा तथा अलगप्पा विश्वविद्यालय, तमिलनाडु से मानव संसाधन प्रबंधन में एमबीए किया है। वे महानिदेशालय खान सुरक्षा डीजीएमएस द्वारा प्रदत्त प्रथम श्रेणी खान प्रबंधक दक्षता प्रमाणपत्र के धारक हैं तथा इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स इंडिया के फेलो भी हैं।

संचालन उत्कृष्टता के साथ-साथ जयकुमार ने खान सुरक्षा, कौशल विकास और रणनीतिक नीतिगत पहलों में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। वे स्किल काउंसिल फॉर माइनिंग सेक्टर एससीएमएस के बोर्ड सदस्य रह चुके हैं, तमिलनाडु माइन्स सेफ्टी एसोसिएशन में विभिन्न नेतृत्वकारी भूमिकाएँ निभा चुके हैं तथा कोयला मंत्रालय की संकट प्रबंधन योजना के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

एसईसीएल परिवार ने एन. फ्रैंकलिन जयकुमार को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके सफल नेतृत्व और भावी दायित्वों के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS