Explore

Search

August 24, 2026 10:46 am

लायंस क्लब उत्कर्ष का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, डॉ. आरती पांडे बनीं अध्यक्ष

बिलासपुर। लायंस क्लब उत्कर्ष (डिस्ट्रिक्ट 3233-सी) का शपथ ग्रहण समारोह शहर के एक निजी होटल में आयोजित किया गया। समारोह में नई कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। डॉ. आरती पांडे को क्लब का अध्यक्ष तथा डॉ. रश्मि जितपुरे को सचिव चुना गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मेल्विन जोन्स के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। मुख्य अतिथि प्रीति पाल बाली ने क्लब की सदस्यता और सामाजिक सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज सेवा से जुड़ने पर व्यक्ति शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से सशक्त बनता है। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और लोगों का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

रीजन चेयरपर्सन लायन शैलेश बाजपेयी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं नए सदस्यों को शपथ दिलाई। जोन चेयरपर्सन लायन डॉ. हर्ष पांडे ने आगामी सेवा परियोजनाओं की जानकारी दी। पूर्व अध्यक्ष लायन डॉ. शकुंतला जितपुरे ने गत वर्ष स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण के क्षेत्र में क्लब द्वारा किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में ध्वज वंदना कुसुम सोमानी ने प्रस्तुत की, जबकि डॉ. रश्मि गुप्ता ने मुख्य अतिथि का परिचय दिया।

नई कार्यकारिणी में डॉ. आरती पांडे अध्यक्ष, डॉ. रश्मि जितपुरे सचिव, रश्मि गुप्ता सहसचिव, रेखा अग्रवाल कोषाध्यक्ष, रश्मि चौहान सहसचिव, ट्विंकल आडवाणी प्रथम उपाध्यक्ष तथा हेमलता ठाकुर द्वितीय उपाध्यक्ष बनाई गईं। इसके अलावा श्रुति अग्रवाल को टेमर, भारती तिवारी को टेल ट्विस्टर, वीना अग्रवाल को क्लब एडमिनिस्ट्रेटर, सुधा मारदा को एलसीआईएफ कोऑर्डिनेटर तथा डॉ. शकुंतला जितपुरे को सर्विस चेयरपर्सन का दायित्व सौंपा गया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. आरती पांडे ने डिस्ट्रिक्ट की थीम “सरबत दा भला” पर प्रकाश डालते हुए कहा कि क्लब वर्षभर स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष रूप से कार्य करेगा। उन्होंने बताया कि युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य को केंद्र में रखकर “आयुष्मान” नाम से विशेष परियोजना संचालित की जाएगी।

कार्यक्रम का संचालन सुधा मारदा एवं ट्विंकल आडवाणी ने संयुक्त रूप से किया। अंत में डॉ. रश्मि जितपुरे ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS