Explore

Search

June 30, 2026 8:50 pm

नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 27.3 लीटर अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

“एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह की सख़्त चेतावनी,अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ जिले में लगातार जारी रहेगी”

जशपुर, 30 जून। जशपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाते हुए पत्थलगांव थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 27.3 लीटर अंग्रेजी और देसी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। मामले में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 16,440 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 28 जून की रात करीब 10 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति प्लेटिना मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 14 MU 1427) से ग्राम पालीडीह की ओर भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना पत्थलगांव पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोक लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विश्वनाथ शर्मा (54) निवासी ग्राम लुड़ेग, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से मैकडॉनल नंबर-1 व्हिस्की की 750 मिलीलीटर की दो बोतल, सिंबा कंपनी की 650 मिलीलीटर की 12 बीयर बोतलें, मुडोफ कंपनी की 180 मिलीलीटर की 25 पौवा, गोल्डन गोवा कंपनी की 180 मिलीलीटर की 60 पौवा तथा 180 मिलीलीटर की 15 पौवा देसी प्लेन मदिरा बरामद हुई। कुल 114 नग शराब की मात्रा 27 लीटर 300 मिलीलीटर पाई गई।

आरोपी से शराब परिवहन एवं बिक्री संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में शराब और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने तथा पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसके विरुद्ध पत्थलगांव थाना में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। विधिवत गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, प्रधान आरक्षक सुभाष नायक, आरक्षक राजेंद्र रात्रे तथा विनोद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ जिले में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS