बिलासपुर। एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर से मंगलवार को सेवानिवृत्त हुए नौ अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस दौरान उन्हें शाल, श्रीफल, पुष्पहार भेंट कर सम्मानित किया गया तथा सेवानिवृत्ति संबंधी सभी भुगतान के चेक भी सौंपे गए।
मुख्यालय के प्रशासनिक भवन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित समारोह में निदेशक (तकनीकी-संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में निदेशक (एचआर) बिरंची दास, निदेशक (तकनीकी-योजना/परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र, विभागाध्यक्ष, श्रमसंघ प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह में महाप्रबंधक (सिविल) भानु सिंह, मुख्य प्रबंधक (उत्खनन) शैवाल सक्सेना, प्रबंधक (मा.सं.) मनीष कुमार जूलियट, उप प्रबंधक (सर्वे) संजय कुमार चौधरी, वरिष्ठ वैयक्तिक सहायक (राजभाषा) सुधीर कुमार सिंह, कार्यालय अधीक्षक विजय कुमार झा, वरीय सुरक्षा निरीक्षक प्रमोद कुमार राही, असिस्टेंट सुपरवाइजर नारायण प्रसाद शर्मा तथा सुरक्षा उप निरीक्षक नरेश कुमार ढीमर को विदाई दी गई।
अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों के समर्पण और कार्यकुशलता ने एसईसीएल की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके कार्यों को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने सभी के स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी एसईसीएल में मिले सहयोग और कार्य वातावरण के लिए प्रबंधन व सहकर्मियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रबंधक (राजभाषा) सविता निर्मलकर ने किया।
प्रधान संपादक


