Explore

Search

July 1, 2026 10:02 pm

चलती ट्रेन पर पत्थर फेंकने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान

नागपुर,भंडारा । चलती ट्रेन पर पत्थर फेंककर एक यात्री को घायल करने वाले आरोपी को रेलवे सुरक्षा बल ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई। उसके खिलाफ रेल अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

आरपीएफ के अनुसार, 27 जून 2026 को गाड़ी संख्या 12833 अहमदाबाद–हावड़ा एक्सप्रेस के दिव्यांग कोच में सफर कर रहे एक यात्री पर तुमसर रोड स्टेशन से ट्रेन रवाना होने के बाद एक युवक ने पत्थर फेंक दिया, जिससे यात्री घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

मंडल सुरक्षा आयुक्त चेतन दिलीपराव जिचकार के निर्देशन में आरपीएफ पोस्ट भंडारा रोड की प्रभारी एलिजाबेथ पवार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। चौकी प्रभारी तुमसर रोड एस.एस. ढोके समेत टीम ने विभिन्न स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। जांच के दौरान नागपुर स्टेशन के फुटेज में एक संदिग्ध की पहचान हुई।

घायल यात्री ने भी संदिग्ध की पहचान की। इसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने रविदास नगर, तुमसर निवासी यश बर्वे (23 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने स्वीकार किया कि दिव्यांग कोच में सीट को लेकर उसकी एक यात्री से कहासुनी हुई थी। इसी विवाद से नाराज होकर तुमसर रोड स्टेशन पर ट्रेन चलने के बाद उसने यात्री पर पत्थर फेंक दिया।

स्वीकारोक्ति और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरपीएफ ने आरोपी को गिरफ्तार कर रेल अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की।

आरपीएफ ने कहा कि चलती ट्रेनों पर पत्थर फेंकना गंभीर और दंडनीय अपराध है। इससे यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती है, रेल संपत्ति को नुकसान हो सकता है और बड़ी दुर्घटना की आशंका भी रहती है।

रेलवे सुरक्षा बल ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी ट्रेनों पर पत्थरबाजी या रेलवे लाइन पर किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल आरपीएफ या रेलवे हेल्पलाइन 139 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS