Explore

Search

June 30, 2026 7:59 pm

जोनल रेलवे बिलासपुर में क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 77वीं बैठक संपन्न

बिलासपुर, 30 जून। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के जोनल मुख्यालय बिलासपुर में मंगलवार को क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 77वीं बैठक महाप्रबंधक तरूण प्रकाश की अध्यक्षता में महाप्रबंधक सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, हिंदी के प्रयोग-प्रसार तथा गृह मंत्रालय द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा की गई।

बैठक के प्रारंभ में मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रधान वित्त सलाहकार मो. जावेद मज़हर ने अध्यक्ष, विभागाध्यक्षों, ऑनलाइन जुड़े मंडल रेल प्रबंधकों, कारखानों के मुख्य कारखाना प्रबंधकों तथा अन्य सदस्यों का स्वागत किया। इस अवसर पर राजभाषा विभाग की ई-पत्रिका “जिज्ञासा” के 18वें अंक का विमोचन भी महाप्रबंधक के करकमलों से किया गया। वहीं, अखिल रेल हिंदी नाट्योत्सव-2025 में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार प्राप्त करने वाली प्रधान कार्यालय बिलासपुर की एक महिला कलाकार को सम्मानित किया गया।

बैठक में कार्यसूची प्रस्तुत करते हुए मो. जावेद मज़हर ने मार्च 2026 को समाप्त तिमाही के दौरान राजभाषा प्रगति की समीक्षा रखी। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2025 में संसदीय राजभाषा समिति की दूसरी उपसमिति द्वारा महाप्रबंधक कार्यालय का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी आश्वासनों का पालन कर लिया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम स्वरूप रेलवे में हिंदी के प्रयोग-प्रसार में अपेक्षित प्रगति हुई है। उन्होंने सभी मंडलों और कारखानों को भविष्य में संभावित निरीक्षण के लिए तैयार रहने के निर्देश भी दिए।

अपने संबोधन में महाप्रबंधक तरूण प्रकाश ने कहा कि हिंदी देश की राजभाषा होने के साथ-साथ सबसे बड़ी संपर्क भाषा भी है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अधिकांश कर्मचारियों की मातृभाषा हिंदी होने के कारण उनके लिए हिंदी में कार्य करना अधिक सहज और सुविधाजनक है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से सरकारी कामकाज अधिकाधिक हिंदी में करने का आह्वान किया, ताकि गृह मंत्रालय द्वारा निर्धारित राजभाषा संबंधी लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित हो सके।

महाप्रबंधक ने यह भी निर्देश दिए कि सभी विभागों में राजभाषा अधिनियम की धारा 3(3) के अंतर्गत जारी होने वाले सभी दस्तावेज अनिवार्य रूप से द्विभाषी हों तथा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सभी कार्यालयों में राजभाषा नीति का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक का संचालन मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रधान वित्त सलाहकार मो. जावेद मज़हर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन समिति के सचिव एवं राजभाषा अधिकारी (मुख्यालय) पीताम्बर लाल जाटवर ने प्रस्तुत किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS